ICC T20I Ranking: टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद भारतीय टीम के लिए पिछले कुछ दिन अच्छे नहीं रहे थे. कप्तान बदलने के बाद टीम का प्रदर्शन अचानक गिर गया और उसे लगातार दो टी20 सीरीज में हार का सामना करना पड़ा. पहले आयरलैंड ने भारत को चौंकाया और फिर इंग्लैंड ने भी टीम इंडिया को मात दे दी. इन हार के कारण भारत से टी20 रैंकिंग में नंबर-1 का स्थान भी छिन गया था.
लेकिन अब टीम इंडिया ने शानदार वापसी कर ली है. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत ने जिम्बाब्वे को हराकर सीरीज अपने नाम कर ली है और एक बार फिर टी20 रैंकिंग में पहला स्थान हासिल कर लिया है.
जिम्बाब्वे को 90 रन से हराकर जीती सीरीज
हरारे में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 219 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. इसके जवाब में जिम्बाब्वे की पूरी टीम सिर्फ 129 रन पर सिमट गई और भारत ने मुकाबला 90 रन से जीत लिया. यह इस तीन मैचों की सीरीज में भारत की लगातार दूसरी जीत थी. इसके साथ ही टीम इंडिया ने 2-0 की बढ़त बनाकर सीरीज पर कब्जा कर लिया.
अय्यर की कप्तानी में पहली सीरीज जीत
श्रेयस अय्यर के लिए यह कप्तान के तौर पर भारतीय टीम के साथ पहली टी20 सीरीज जीत है. इस जीत के साथ भारत ने अपनी खोई हुई नंबर-1 रैंकिंग भी वापस हासिल कर ली. करीब दो हफ्ते पहले 11 जुलाई को इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टी20 मैच में हार के बाद भारत से शीर्ष स्थान छिन गया था. इंग्लैंड ने भारत को पीछे छोड़कर नंबर-1 की कुर्सी हासिल कर ली थी.
लेकिन जिम्बाब्वे के खिलाफ लगातार जीत के बाद भारत फिर से सबसे ऊपर पहुंच गया है. ताजा रैंकिंग में भारत और इंग्लैंड दोनों के 268 अंक हैं, लेकिन बेहतर रेटिंग के आधार पर भारत पहले स्थान पर है.
अब क्लीन स्वीप पर नजर
सीरीज जीतने के बाद अब भारतीय टीम की नजरें जिम्बाब्वे के खिलाफ आखिरी मुकाबला जीतकर क्लीन स्वीप करने पर होंगी. सीरीज का तीसरा और आखिरी टी20 मुकाबला भी हरारे में खेला जाएगा.
इस मैच में टीम इंडिया कुछ बदलावों के साथ उतर सकती है. कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी संकेत दिए हैं कि आखिरी मुकाबले में कुछ नए खिलाड़ियों को मौका दिया जा सकता है, ताकि टीम की बेंच स्ट्रेंथ को परखा जा सके.
ये भी पढ़ें- मोदी सरकार का बड़ा फैसला, प्रह्लाद जोशी को मिली शिक्षा मंत्रालय की कमान