Weather Update: कहीं बारिश तो कहीं लू का कहर, जानें अगले 5 दिनों में कैसा रहेगा देशभर का मौसम?

देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है. एक तरफ उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है, तो दूसरी ओर भीषण गर्मी और लू लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है.

How will the weather be across the country Rain in Delhi Heatwave Alert
Image Source: ANI

Weather Update: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है. एक तरफ दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है, तो दूसरी ओर राजस्थान, गुजरात और मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी और लू लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 11 से 16 मई के बीच कई राज्यों के लिए बारिश, आंधी, ओलावृष्टि और हीटवेव को लेकर अलग-अलग अलर्ट जारी किए हैं.

दिल्ली में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज मौसम करवट ले सकता है. मौसम विभाग ने दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. अनुमान है कि दोपहर बाद हल्की बारिश हो सकती है, साथ ही गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

आईएमडी के अनुसार हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इसके अलावा बिजली कड़कने की भी संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने बताया कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह बदलाव देखने को मिलेगा.

आज दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

यूपी में आंधी-बारिश की संभावना

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी मौसम बदलने के संकेत हैं. मौसम विभाग ने 12 और 13 मई को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है.

तेज हवाओं के साथ कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है. लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है.

बिहार और झारखंड में भी मौसम खराब होने के आसार

बिहार और झारखंड में भी अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम अस्थिर रह सकता है. आईएमडी के मुताबिक कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है.

मौसम विभाग ने किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

राजस्थान और मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी

जहां एक तरफ कई राज्यों में बारिश की संभावना है, वहीं पश्चिमी भारत के कुछ हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में हैं. राजस्थान के बाड़मेर में शनिवार को देश का सबसे ज्यादा तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

आईएमडी ने पश्चिम राजस्थान, गुजरात और पश्चिम मध्यप्रदेश में 14 मई तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है.

पंजाब-हरियाणा में भी बदलेगा मौसम

पंजाब और हरियाणा में 11 से 14 मई के बीच हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है. कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर भारत के कई हिस्सों में देखने को मिलेगा.

उत्तराखंड और पहाड़ी राज्यों में ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. चार धाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को 12 और 13 मई के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के कई इलाकों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की संभावना है. वहीं जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भी बारिश और ओलावृष्टि के आसार बने हुए हैं.

पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का खतरा

असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.

विशेष रूप से असम और मेघालय में 13 से 16 मई के बीच भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है. कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है.

दक्षिण भारत में जारी रहेगा बारिश का दौर

दक्षिण भारत के कई राज्यों में लगातार बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है.

आईएमडी के अनुसार तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में 11 से 16 मई के बीच कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.

ये भी पढ़ें- IPL 2026: भुवनेश्वर कुमार ने फिर किया पर्पल कैप पर कब्जा, ऑरेंज कैप की रेस में फिसले विराट कोहली