IPL 2026: भुवनेश्वर कुमार ने फिर किया पर्पल कैप पर कब्जा, ऑरेंज कैप की रेस में फिसले विराट कोहली

आईपीएल 2026 में 10 मई को खेले गए डबल हेडर मुकाबलों के बाद ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की रेस में बड़ा उलटफेर देखने को मिला.

IPL 2026 Orange Cap Purple Cap Holder Bhuvneshwar Virat RCB vs MI
Image Source: ANI

IPL 2026: आईपीएल 2026 में 10 मई को खेले गए डबल हेडर मुकाबलों के बाद ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की रेस में बड़ा उलटफेर देखने को मिला. एक ओर जहां चेन्नई सुपर किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 5 विकेट से हराया, वहीं दूसरे मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस को आखिरी गेंद पर 2 विकेट से रोमांचक शिकस्त दी. इन मैचों के बाद बल्लेबाजों और गेंदबाजों की रैंकिंग में महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं.

पर्पल कैप रेस: भुवनेश्वर कुमार ने फिर मारी बाजी

गेंदबाजी की रेस में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिला. चेन्नई सुपर किंग्स के अंशुल कंबोज ने पहले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 2 विकेट हासिल किए और कुल 19 विकेट के साथ शीर्ष स्थान पर पहुंच गए थे.

लेकिन दूसरे मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने शानदार वापसी की. उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 4 ओवर में केवल 23 रन देकर 4 विकेट झटके. इस प्रदर्शन के बाद उनके कुल विकेट 11 मैचों में 21 हो गए और उन्होंने पर्पल कैप अपने नाम कर ली.

कगिसो रबाडा, जो पहले टॉप पर थे, अब 18 विकेट के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं. वहीं, प्रिंस यादव और इशान मलिंगा 16-16 विकेट के साथ क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर बने हुए हैं.

ऑरेंज कैप रेस: कोहली को बड़ा झटका

बल्लेबाजी की रेस में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला और सबसे बड़ा झटका विराट कोहली को लगा. मुंबई इंडियंस के खिलाफ वह पहली ही गेंद पर बिना रन बनाए आउट हो गए. यह लगातार दूसरा मैच था जिसमें वह खाता नहीं खोल पाए.

इसके चलते कोहली 11 मैचों में 379 रन के साथ टॉप-10 में नीचे खिसककर 10वें स्थान पर पहुंच गए हैं.

दूसरी ओर, रायन रिकेलटन ने 9 मैचों में 382 रन बनाकर उनसे ऊपर जगह बना ली है.

टॉप पर फिलहाल हेनरिक क्लासेन मौजूद हैं, जिन्होंने 11 मैचों में 494 रन बनाए हैं. वहीं, अभिषेक शर्मा 475 रन के साथ दूसरे स्थान पर मजबूती से बने हुए हैं.

ये भी पढ़ें- ड्रग मामलों में पंजाब से भी आगे निकले ये राज्य, 1 साल में 47% बढ़े NDPS केस, NCRB रिपोर्ट में खुलासा