अगर आपकी गाड़ी का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) कहीं खो गया है या फट गया है, तो अब आपको घबराने की कोई जरूरत नहीं है. पहले ऐसे मामलों में आरटीओ ऑफिस के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब सरकार ने इस पूरी प्रक्रिया को डिजिटल बना दिया है. अब आप बिना किसी परेशानी के घर बैठे कुछ ही मिनटों में अपनी गाड़ी की आरसी की डिजिटल कॉपी डाउनलोड कर सकते हैं. आइए जानते हैं इस आसान प्रक्रिया के बारे में.
आरसी का महत्व: क्यों है यह जरूरी?
रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) वाहन के मालिक होने का आधिकारिक प्रमाण होता है. इसमें गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर, इंजन और चेसिस नंबर, मालिक का नाम और पता जैसी जानकारी होती है. ट्रैफिक चेकिंग, इंश्योरेंस क्लेम, वाहन बेचने, या बैंक लोन जैसे मामलों में आरसी की जरूरत होती है. इसके अलावा, सड़क पर गाड़ी चलाते वक्त आपको अपनी आरसी की एक फिजिकल या डिजिटल कॉपी अपने पास रखना अनिवार्य होता है. अगर आपकी आरसी डिजिलॉकर या mParivahan जैसी सरकारी ऐप्स से डाउनलोड की गई है, तो यह कानूनी रूप से मान्य मानी जाएगी.
वाहन 4.0: एक नई डिजिटल पहल
केंद्र सरकार के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा तैयार किया गया वाहन 4.0 एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म है, जिसका उद्देश्य वाहन रजिस्ट्रेशन और इससे जुड़ी सेवाओं को सरल और पारदर्शी बनाना है. इस प्लेटफॉर्म के जरिए आप वाहन रजिस्ट्रेशन, ओनरशिप ट्रांसफर, टैक्स पेमेंट, फिटनेस सर्टिफिकेट और हाइपोथेकेशन जैसी सुविधाएं ऑनलाइन ले सकते हैं. इसके साथ ही, आप अपनी गाड़ी की आरसी की डिजिटल कॉपी भी आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं.
आरसी की डिजिटल कॉपी कैसे डाउनलोड करें?
आरसी डाउनलोड करने के लिए सबसे पहले आपको VAHAN पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. यहाँ आपको ऑनलाइन सर्विसेस में Vehicle Related Services का विकल्प मिलेगा. इसे क्लिक करने के बाद आपको अपना राज्य और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा, साथ ही OTP के जरिए लॉगिन करना होगा. इसके बाद, आपको गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर और चेसिस नंबर दर्ज करना होगा. अब, आपको Download Document या RC Print का विकल्प दिखाई देगा. इसे क्लिक करने पर आपकी आरसी स्क्रीन पर दिखाई देगी और आप इसे पीडीएफ फॉर्मेट में डाउनलोड कर सकते हैं.
DigiLocker से भी डाउनलोड करें आरसी
आप अपनी गाड़ी की आरसी DigiLocker ऐप या वेबसाइट से भी डाउनलोड कर सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले आपको DigiLocker ऐप या वेबसाइट पर लॉगिन करना होगा. ध्यान रहे कि आपको आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर का इस्तेमाल करना होगा. इसके बाद, Ministry of Road Transport and Highways सेक्शन को चुनें और वहाँ से Registration Certificate पर क्लिक करें.
यहां आपको वाहन की जानकारी भरनी होगी और सुनिश्चित करना होगा कि DigiLocker में दर्ज नाम और आरसी पर दर्ज नाम मेल खाते हों. इसके बाद, आपकी आरसी Issued Documents सेक्शन में दिखाई देगी, जिसे आप कभी भी एक्सेस कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें: iPhone यूजर्स पर मंडरा रहा साइबर अटैक का खतरा, तुरंत कर लें ये जरूरी काम, Apple ने दी सलाह