कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय जूडो खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है. दिल्ली के युवा खिलाड़ी हर्ष सिंह ने पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के कैट्ज जोशुआ को एकतरफा मुकाबले में 10-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया. वाजा-अरी तकनीक से हासिल की गई इस शानदार जीत ने न केवल भारत की झोली में एक और गोल्ड डाला, बल्कि हर्ष सिंह को कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में जूडो में गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष खिलाड़ी के रूप में भी स्थापित कर दिया.
अस्मिता डे के बाद हर्ष ने बढ़ाया भारत का गौरव
भारतीय जूडो के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि इससे पहले अस्मिता डे ने महिला 48 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था. फाइनल में कनाडा की हैदी क्वाश के खिलाफ मुकाबला निर्धारित समय तक 1-1 की बराबरी पर रहा, जिसके बाद गोल्डन स्कोर में अस्मिता ने निर्णायक अंक हासिल कर भारत को पहला जूडो गोल्ड दिलाया. अब हर्ष सिंह की जीत ने इस सफलता को और बड़ा बना दिया है. पहली बार भारत के पुरुष और महिला दोनों वर्गों में जूडो के स्वर्ण पदक विजेता कॉमनवेल्थ गेम्स में सामने आए हैं.
सालों का इंतजार खत्म
भारतीय जूडो लंबे समय से गोल्ड मेडल के बेहद करीब पहुंचकर भी निराश लौटता रहा था. कई संस्करणों में भारतीय खिलाड़ी फाइनल तक पहुंचे, लेकिन स्वर्ण पदक हासिल नहीं कर सके. भारत के खाते में पहले 5 रजत और 6 कांस्य पदक जरूर आए थे, लेकिन गोल्ड का सपना अधूरा रह गया था. अस्मिता डे और हर्ष सिंह ने अपने शानदार प्रदर्शन से इस लंबे इंतजार को खत्म कर भारतीय जूडो के इतिहास में नई शुरुआत की है. इन दोनों खिलाड़ियों की सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए भी बड़ी प्रेरणा मानी जा रही है.
भारत के खाते में पांचवां गोल्ड
हर्ष सिंह का स्वर्ण पदक ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का पांचवां गोल्ड साबित हुआ. इसके साथ ही भारत के कुल पदकों की संख्या 19 पहुंच गई, जिसमें 5 स्वर्ण, 10 रजत और 4 कांस्य पदक शामिल हैं. इस प्रदर्शन के दम पर भारतीय दल पदक तालिका में आठवें स्थान पर पहुंच गया है और उसने न्यूजीलैंड को पीछे छोड़ दिया है. प्रतियोगिता के बाकी मुकाबलों से भी भारत को और पदकों की उम्मीद है, जिससे उसकी रैंकिंग में और सुधार देखने को मिल सकता है.
ये भी पढ़ें: नीरज चोपड़ा रचेंगे इतिहास? कॉमनवेल्थ फाइनल में 68 साल पुराने रिकॉर्ड पर नजर, जानें पूरी जानकारी