Hanuman Ansh Box Office Collection: बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों फिल्मों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है. एक तरफ ‘मिर्जापुर: द मूवी’ सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है, तो दूसरी ओर यश की ‘टॉक्सिक’ भी दर्शकों को खींचने की कोशिश कर रही है. लेकिन इन सबके बीच महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ ने अपनी कमाई से हर किसी का ध्यान खींच लिया है. फिल्म ने धीमी शुरुआत के बाद जिस तरह रफ्तार पकड़ी है, उसने मेकर्स को भी खुश कर दिया है.
30वें दिन ‘हनुमान अंश’ ने किया बड़ा कमाल
रिलीज के 30वें दिन ‘हनुमान अंश’ ने अपनी अब तक की सबसे ज्यादा कमाई दर्ज की है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने 30वें दिन करीब 16.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया. इससे पहले फिल्म का सबसे बड़ा सिंगल-डे कलेक्शन 24वें दिन 12.75 करोड़ रुपये रहा था. यानी 30वें दिन फिल्म ने अपना ही रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया.
रिपोर्ट के अनुसार, इससे एक दिन पहले फिल्म का कलेक्शन करीब 10 करोड़ रुपये था. ऐसे में अगले दिन कमाई में लगभग 65 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली. फिल्म का नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन अब करीब 99.30 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 117.40 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.
शुरुआत धीमी लेकिन बाद में बदली पूरी कहानी
‘हनुमान अंश’ की शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास नहीं रही थी. फिल्म के शुरुआती दिनों में कमाई लाखों में सिमटती नजर आई, लेकिन दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद इसकी रफ्तार लगातार बढ़ती गई. धीरे-धीरे फिल्म ने करोड़ों में कमाई शुरू कर दी और अब रिलीज के एक महीने बाद भी सिनेमाघरों में इसकी पकड़ बनी हुई है.
फिल्म के लिए सबसे बड़ा प्लस पॉइंट इसका वर्ड ऑफ माउथ बताया जा रहा है. दर्शकों को फिल्म का VFX, बैकग्राउंड स्कोर और एक्शन सीक्वेंस खास तौर पर पसंद आ रहे हैं. यही वजह है कि फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा बनी हुई है.
थिएटर में ‘जय हनुमान’ के जयकारे
‘हनुमान अंश’ की खास बात सिर्फ इसकी कमाई नहीं है. थिएटर में फिल्म देखने पहुंचे दर्शक कई दमदार सीन्स पर तालियां और सीटियां बजाते नजर आ रहे हैं. कई जगहों पर ‘जय हनुमान’ के जयकारों से सिनेमाघरों का माहौल भी भक्तिमय होता दिख रहा है.
कम बजट में बनी इस फिल्म ने जिस तरह लंबे समय तक बॉक्स ऑफिस पर अपनी मौजूदगी बनाए रखी है, वह अपने आप में खास है. मजबूत कंटेंट और दर्शकों की लगातार मिल रही प्रतिक्रिया ने फिल्म को उम्मीद से कहीं ज्यादा फायदा पहुंचाया है.
ये भी पढ़ें- ‘मिर्जापुर द मूवी’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, 2 दिन में 50 करोड़ पार, बनाए 4 बड़े रिकॉर्ड