PM मोदी का GenZ अंदाज, SRCC में बोले- यहां के एल्युमिनाई OG हैं, लगे ठहाके

Narendra Modi SRCC: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स यानी एसआरसीसी के शताब्दी समारोह में शामिल होने पहुंचे. इस दौरान उन्होंने जेन जी के अंदाज में कॉलेज के पूर्व छात्रों को ‘ओजी’ कहा. पीएम मोदी के यह कहते ही कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच जोरदार ठहाके गूंज उठे.

PM Modi Gen Z style Speaking at SRCC alumni OGs drawing peals of laughter
Image Source: Social Media

Narendra Modi SRCC: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स यानी एसआरसीसी के शताब्दी समारोह में शामिल होने पहुंचे. इस दौरान उन्होंने जेन जी के अंदाज में कॉलेज के पूर्व छात्रों को ‘ओजी’ कहा. पीएम मोदी के यह कहते ही कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच जोरदार ठहाके गूंज उठे.

प्रधानमंत्री ने कहा कि 100 साल से ज्यादा समय से एसआरसीसी ने कई पीढ़ियों के छात्रों को सीखने, आगे बढ़ने और समाज में बदलाव लाने का मौका दिया है. उन्होंने कॉलेज के पुराने छात्रों की उपलब्धियों का भी जिक्र किया.

2013 के दौर को पीएम मोदी ने किया याद

पीएम मोदी ने अपने भाषण में साल 2013 का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उस समय देश में घोटाले चरम पर थे और लोगों के बीच निराशा का माहौल था. लगातार ऐसी खबरें सामने आती थीं, जिससे देश का भरोसा कमजोर हो रहा था. उस समय केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी.

प्रधानमंत्री ने कहा कि वह 2013 में भी एसआरसीसी आए थे. उस समय वह विपक्ष का प्रतिनिधित्व कर रहे थे, लेकिन उन्होंने कॉलेज के मंच का इस्तेमाल तत्कालीन सरकार की आलोचना के लिए नहीं किया था.

उन्होंने कहा कि एसआरसीसी में 2013 में दिया गया उनका भाषण उस समय काफी चर्चा में आया और अब 13-14 साल बाद भी उसका असर दिखाई देता है. पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने नीतिगत पंगुता से नीतिगत गतिशीलता तक लंबा सफर तय किया है.

भारत की आर्थिक ताकत का भी किया जिक्र

प्रधानमंत्री मोदी ने मौजूदा आर्थिक स्थिति का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि दुनिया में अनिश्चितता के माहौल के बीच भारत की 7.8 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि दर देश की मजबूत अर्थव्यवस्था को दिखाती है.

उन्होंने कहा कि एसआरसीसी के छात्रों ने अपने कॉलेज की पहचान को देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के स्तर तक पहुंचाया है. प्रधानमंत्री ने कॉलेज के छात्रों और पूर्व छात्रों की उपलब्धियों की भी सराहना की.

‘मेड इन इंडिया’ से लेकर आज के भारत तक

पीएम मोदी ने अपने 2013 के भाषण को याद करते हुए ‘मेड इन इंडिया’ की जरूरत का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उस समय कुछ लोगों को यह विचार मुश्किल या असंभव लगता था, लेकिन आज भारत में बने उत्पादों और देश की विनिर्माण क्षमता की पहचान लगातार बढ़ रही है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि वह एसआरसीसी में अपना ‘रिपोर्ट कार्ड’ लेकर आए हैं. उनके भाषण का मुख्य संदेश यह रहा कि 2013 में जिस बदलाव, विकास और आत्मनिर्भरता की बात उन्होंने की थी, उसके बाद भारत की अर्थव्यवस्था और शासन व्यवस्था में कई बदलाव देखने को मिले हैं.

ये भी पढ़ें- पीएम मोदी दिल्ली मेट्रो से पहुंचे SRCC, कार्ड से की एंट्री, बच्चों से की बातचीत; देखें वीडियो