कल संभलकर निकलें! 10 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, IMD का अलर्ट

Weather Forecast: दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में शनिवार को तेज बारिश हुई. बारिश के कारण कई जगहों पर पानी भर गया और ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ. राजधानी के कई हिस्सों में लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा.

Weather forecast Heavy rain warning for over 10 states IMD issues alert
Image Source: ANI/ File

Weather Forecast: दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में शनिवार को तेज बारिश हुई. बारिश के कारण कई जगहों पर पानी भर गया और ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ. राजधानी के कई हिस्सों में लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा. कनॉट प्लेस में आउटर सर्कल के पास भी पानी जमा हो गया. इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने देश के कई राज्यों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है.

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

पूर्वी उत्तर प्रदेश में 6 से 8 सितंबर के बीच गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ बारिश हो सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 6 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.

पूर्वी राजस्थान में 6 सितंबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. उत्तराखंड में 6 और 7 सितंबर के बाद 10 और 11 सितंबर को भी बारिश का नया दौर आने का अनुमान है. दिल्ली-एनसीआर में 6 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहेंगे और दोपहर या शाम के समय हल्की बारिश हो सकती है. 7 और 8 सितंबर को भी आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है.

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बारिश

पश्चिमी मध्य प्रदेश में 6 सितंबर और पूर्वी मध्य प्रदेश में 6 से 8 सितंबर के बीच बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ में 8 से 11 सितंबर के बीच बारिश बढ़ने की संभावना है. इस दौरान 9 से 11 सितंबर तक कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है.

बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

बिहार में 6 से 8 सितंबर, झारखंड में 9 सितंबर और ओडिशा में 9 से 11 सितंबर के बीच कुछ जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 11 सितंबर तक बारिश जारी रहने का अनुमान है.

पिछले 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश में 12 से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश दर्ज की गई. दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, नागालैंड और तमिलनाडु के कई हिस्सों में भी भारी बारिश हुई.

इन इलाकों में अगले कुछ दिन सावधानी जरूरी

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ बारिश जारी रह सकती है.

आईएमडी ने बिहार, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है. इसके अलावा उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में भी कई जगह भारी बारिश हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 11 सितंबर तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.

बारिश से इन परेशानियों का खतरा

आईएमडी ने बताया है कि तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है. इसके अलावा भूस्खलन, सड़क और रेल यातायात में रुकावट, पेड़ गिरने और कमजोर ढांचों को नुकसान होने का खतरा है.

मौसम विभाग ने किसानों को खेतों से पानी निकालने की उचित व्यवस्था करने की सलाह दी है. वहीं, आम लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, बिना जरूरत यात्रा से बचने और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखने को कहा गया है.

ये भी पढ़ें- आतंकवाद पर भारत का करारा प्रहार, सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर को किया ढेर