LPG Cylinders Stocks: एलपीजी सिलेंडर की जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग पर रोक लगाने के लिए भारत सरकार ने एक अहम फैसला लिया है. नए नियम के तहत अब घरेलू उपभोक्ता 21 दिनों के बजाय 25 दिनों के बाद ही नया एलपीजी सिलेंडर बुक कर सकेंगे. सरकारी सूत्रों के अनुसार यह कदम हाल के हालात और बढ़ती अफवाहों के बीच जमाखोरी रोकने के लिए उठाया गया है.
सूत्रों का कहना है कि खाड़ी क्षेत्र में जारी तनाव के चलते कुछ जगहों पर लोग जरूरत से पहले सिलेंडर बुक करने लगे हैं. पहले जहां कई उपभोक्ता लगभग 55 दिनों में एक सिलेंडर बुक करते थे, वहीं अब कुछ लोग केवल 15 दिनों में ही नया सिलेंडर बुक करने की कोशिश कर रहे हैं. ऐसी स्थिति में जमाखोरी और कृत्रिम कमी की आशंका बढ़ जाती है.
25 दिन बाद ही कर सकेंगे नई बुकिंग
नए नियम के अनुसार अगर किसी ग्राहक ने 1 मार्च को एलपीजी सिलेंडर बुक किया है, तो वह 25 दिनों से पहले नया सिलेंडर बुक नहीं कर पाएगा. पहले के नियम में यह अवधि 21 दिनों की थी, जिसके अनुसार 22 मार्च को दोबारा बुकिंग संभव थी. अब वही बुकिंग 26 मार्च के बाद ही की जा सकेगी.
हालांकि यह व्यवस्था फिलहाल मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए लागू की गई है. स्थिति सामान्य होने के बाद पुराने नियम को फिर से लागू किया जा सकता है. सरकार और तेल-गैस कंपनियां लगातार यह स्पष्ट कर रही हैं कि देश में पेट्रोल, डीज़ल और LPG सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी तरह की कमी नहीं है.
घरेलू ग्राहकों को मिलेगी प्राथमिकता
सूत्रों के मुताबिक सरकार ने रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं. साथ ही कंपनियों से कहा गया है कि वे कमर्शियल कनेक्शन की तुलना में घरेलू एलपीजी कनेक्शन को प्राथमिकता दें. घरेलू उपभोक्ताओं की जरूरतों को सबसे पहले पूरा करने पर जोर दिया गया है.
नए आपूर्तिकर्ताओं की तलाश
एलपीजी की आपूर्ति मजबूत रखने के लिए भारत नए अंतरराष्ट्रीय साझेदारों की भी तलाश कर रहा है. इस बीच अल्जीरिया, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और नॉर्वे जैसे देशों ने भारत को एलपीजी सप्लाई करने में रुचि दिखाई है. सरकार का कहना है कि इन कदमों का मकसद बाजार में स्थिरता बनाए रखना और उपभोक्ताओं को बिना किसी परेशानी के ईंधन उपलब्ध कराना है.
ये भी पढ़ें- ईरान-बहरीन तनाव के बीच 'फोर्स मेज्योर' का ऐलान, जानें कैसे वैश्विक तेल बाजार और अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा असर