Weather News: मार्च का पहला सप्ताह अभी पूरा भी नहीं हुआ है, लेकिन देश के कई हिस्सों में गर्मी ने तेज रूप लेना शुरू कर दिया है. 9 मार्च 2026 को जारी मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, उत्तर भारत के कई क्षेत्रों में दिन का तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंच गया है. राजधानी दिल्ली में कई जगहों पर अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 5.1 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया, जो मार्च के शुरुआती दिनों के लिए असामान्य माना जा रहा है.
देश के पश्चिमी हिस्सों में गर्मी का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है. सौराष्ट्र और कच्छ के कई इलाकों में हीट वेव से लेकर सीवियर हीट वेव जैसी स्थिति बन गई है. गुजरात के कुछ अन्य क्षेत्रों में भी गर्म हवाएं चल रही हैं. राजकोट और सुरेंद्रनगर में तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान बताया जा रहा है.
कई राज्यों में तेजी से बढ़ा तापमान
देश के कई हिस्सों में तापमान 38 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है. इनमें राजस्थान के पश्चिमी इलाके, विदर्भ और सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र शामिल हैं. वहीं मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और गुजरात के कुछ इलाकों में भी तापमान इसी स्तर तक पहुंच गया है.
इसके अलावा दिल्ली, महाराष्ट्र के मध्य हिस्सों, केरल, तमिलनाडु, हरियाणा, चंडीगढ़ और कर्नाटक के दक्षिणी भागों में तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया. तटीय कर्नाटक, ओडिशा और कोंकण-गोवा क्षेत्र में भी कई जगहों पर तापमान इसी सीमा में रहा.
सामान्य से कई डिग्री ऊपर पहुंचा पारा
मौसम विभाग के मुताबिक कई राज्यों में तापमान सामान्य से काफी अधिक रिकॉर्ड किया गया है. दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, पश्चिमी राजस्थान, पंजाब और गुजरात के कई इलाकों में तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक ऊपर रहा. वहीं मध्य प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी यही स्थिति देखने को मिली.
इसके अलावा विदर्भ, तटीय कर्नाटक, पूर्वी उत्तर प्रदेश और हरियाणा में तापमान सामान्य से लगभग 3.1 से 5 डिग्री तक अधिक रहा. वहीं ओडिशा, झारखंड, मराठवाड़ा और कोंकण-गोवा क्षेत्र में यह बढ़ोतरी करीब 1.6 से 3 डिग्री के बीच दर्ज की गई.
हीट वेव को लेकर चेतावनी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि सौराष्ट्र और कच्छ के कई इलाकों में हीट वेव से लेकर सीवियर हीट वेव तक की स्थिति बनी हुई है. गुजरात के कुछ हिस्सों में भी गर्म हवाएं चलने की संभावना है. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भी गर्म हवाओं का असर महसूस किया जा रहा है.
लोगों को दी गई सावधानी बरतने की सलाह
तेज गर्मी और तपती धूप को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. विशेषज्ञों का कहना है कि बाहर निकलते समय पानी साथ रखें, हल्के और ढीले कपड़े पहनें और अगर जरूरी न हो तो दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें. इससे हीट वेव के प्रभाव से बचाव किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें- गैस सिलेंडर बुकिंग को लेकर सरकार का बड़ा फैसला, अब इतने दिन बाद ही होगी नई बुकिंग