Gorakhpur News: गोरखपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां एक कक्षा 4 में पढ़ने वाला छात्र सिर्फ इस डर से गायब हो गया क्योंकि उसने ट्यूशन का होमवर्क नहीं किया था. स्कूल से लौटने के बाद जब ट्यूशन का समय आया, तो बच्चे ने मार खाने के डर से खुद को घर में ही छिपा लिया, और परिवार वालों को लगा कि वह लापता हो गया है.
दादा ने जताई अनहोनी की आशंका
बच्चा कई घंटों तक दिखाई नहीं दिया, तो उसके दादा घबरा गए और उन्होंने गोरखपुर के चिलुआताल थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. साथ ही उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि उन्हें किसी अनहोनी की आशंका है. इस शिकायत के बाद पुलिस ने फौरन तलाशी अभियान शुरू किया.
डॉग स्क्वॉड भी लगाया गया तलाश में
बच्चे का कहीं पता नहीं चला तो पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की मदद ली. बच्चे की वही शर्ट, जो उसने स्कूल में पहनी थी, खोजी कुत्ते को सुँघाई गई. इसके बाद कुत्ता घर की ओर बढ़ा और दूसरी मंज़िल पर एक कमरे के सामने भौंकने लगा. जब पुलिस ने उस कमरे की तलाशी ली, तो बच्चा एक कोने में चुपचाप सोता हुआ मिला.
परिवार और पुलिस दोनों रह गए हैरान
जिस कमरे में बच्चा मिला, वहीं उसे देखकर परिजन और पुलिस दोनों चौंक गए. किसी को यकीन नहीं हो रहा था कि बच्चा घर में ही था और सबको लग रहा था कि वह बाहर कहीं लापता हो गया है. जब बच्चे से पूछा गया तो उसने साफ कहा "मैंने ट्यूशन का होमवर्क नहीं किया था, इसलिए डर से छिप गया."
डर की वजह से था ‘छोटा फरार’
पुलिस ने बच्चे को सही-सलामत पाकर राहत की सांस ली. परिवार वालों की खुशी का ठिकाना नहीं था. इस घटना ने यह भी साफ कर दिया कि बच्चों के मन में पढ़ाई और सज़ा को लेकर डर कितना गहरा हो सकता है.
ये भी पढ़ें: फेस्टिव सीज़न में रेलवे का तोहफा! दिवाली और छठ पर बिहार के लिए दौड़ेंगी 52 स्पेशल ट्रेनें, सफर में होगी आसानी