'पता नहीं मुज्तबा जिंदा भी है या नहीं', ईरान के सुप्रीम लीडर पर ट्रंप का दावा, बोले- अगर जीवित हैं तो...

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई को लेकर चौंकाने वाला बयान दिया है.

Dont know whether Mujtaba Khamenei is alive or not Trump Said
Image Source: Social Media

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई को लेकर चौंकाने वाला बयान दिया है. ट्रंप ने कहा कि उन्हें यह भी नहीं पता कि मुज्तबा खामेनेई जीवित हैं या नहीं, क्योंकि अब तक उनकी कोई सार्वजनिक मौजूदगी सामने नहीं आई है.

स्थानीय मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि अब तक किसी ने भी मुज्तबा खामेनेई को सामने आते नहीं देखा है. उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता कि मुज्तबा जिंदा भी हैं या नहीं. अभी तक कोई भी उन्हें दिखा नहीं पाया है.”

हालांकि ट्रंप ने उनकी मौत की खबरों को अफवाह बताया, लेकिन यह भी साफ नहीं कहा कि वे निश्चित रूप से जीवित हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अगर मुज्तबा जिंदा हैं तो उन्हें अपने देश के हित में समझदारी दिखाते हुए सरेंडर पर विचार करना चाहिए.

होर्मुज स्ट्रेट को लेकर ट्रंप का बयान

ट्रंप ने ईरान के साथ चल रहे संघर्ष पर भी टिप्पणी की. उनका कहना है कि ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन फिलहाल जो शर्तें सामने हैं वे अमेरिका के लिए अनुकूल नहीं हैं.

उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सेना ने ईरान की कई मिसाइलों और ड्रोन को नष्ट कर दिया है और उसके सैन्य ढांचे को भारी नुकसान पहुंचाया है. ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका जल्द ही ईरान की समुद्री क्षमताओं को खत्म कर देगा.

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कई देश होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अमेरिका की मदद करने को तैयार हैं, हालांकि उन्होंने उन देशों के नाम सार्वजनिक नहीं किए.

अमेरिकी रक्षा मंत्री ने भी उठाए सवाल

अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी मुज्तबा खामेनेई की मौजूदगी पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि ईरान के पास इतने कैमरे और रिकॉर्डिंग उपकरण होने के बावजूद नया नेता अब तक सामने क्यों नहीं आया है.

हेगसेथ ने आरोप लगाया कि मुज्तबा शायद डरे हुए हैं या घायल हैं और इसी वजह से केवल लिखित बयान जारी किए जा रहे हैं.

सोशल मीडिया तस्वीर पर भी सवाल

कुछ अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थानों के पत्रकारों ने मुज्तबा खामेनेई के नए सोशल मीडिया अकाउंट पर लगी तस्वीर को एआई से बनाई गई तस्वीर बताया है. हालांकि कुछ रिपोर्टों में यह भी कहा गया है कि वे अभी भी ईरान में मौजूद हैं.

इजराइली हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मुज्तबा खामेनेई को यह जिम्मेदारी सौंपी गई.

ये भी पढ़ें- भारत के 22 जहाज स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में फंसे, लदा हुआ है क्रूड ऑयल और LPG, कैसे निकालेगी सरकार?