New Year 2026: नए साल के स्वागत को लेकर राजधानी दिल्ली पूरी तरह अलर्ट मोड में है. 31 दिसंबर 2025 की रात को होने वाली भारी भीड़ और जश्न को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने खास इंतजाम किए हैं. जाम, अव्यवस्था और किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए कई प्रमुख इलाकों में वाहनों की आवाजाही पर सख्त प्रतिबंध लगाए गए हैं, वहीं सुरक्षा व्यवस्था भी पहले से ज्यादा मजबूत कर दी गई है.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, नए साल की पूर्व संध्या पर शाम 7 बजे से कनॉट प्लेस के इनर, मिडिल और आउटर सर्कल में किसी भी तरह के वाहन की एंट्री नहीं होगी. यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि अत्यधिक भीड़ के कारण ट्रैफिक ठप न हो और लोग सुरक्षित तरीके से जश्न मना सकें.
इंडिया गेट के आसपास भी सख्ती
इंडिया गेट और उसके आसपास के इलाकों में भी हालात पर नजर रखी जाएगी. यदि पैदल चलने वालों की संख्या ज्यादा होती है, तो वहां वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोकी जा सकती है. ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जरूरत पड़ने पर मौके पर ही निर्णय लिया जाएगा.
TRAFFIC ADVISORY
— Delhi Traffic Police (@dtptraffic) December 30, 2025
IN CONNECTION WITH NEW YEAR EVE CELEBRATIONS – 2026 IN THE CONNAUGHT PLACE AREA AND ITS SURROUNDINGS
In view of the anticipated rush, Delhi Traffic Police has made special traffic arrangements to ensure safety and smooth traffic flow.
RESTRICTION TIMINGS:
From… pic.twitter.com/c962p1eNB9
‘पहले आओ, पहले पाओ’ पार्किंग व्यवस्था
नए साल के जश्न के दौरान लोगों को राहत देने के लिए कुछ इलाकों में विशेष पार्किंग की व्यवस्था की गई है. गोल डाक खाना, कालीबाड़ी मार्ग, पंत मार्ग, कॉपरनिकस मार्ग, मिंटो रोड और विंडसर प्लेस जैसे स्थानों पर पार्किंग ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर उपलब्ध होगी. वहीं, कनॉट प्लेस की ओर जाने वाले वाहनों को मंडी हाउस, बंगाली मार्केट, रणजीत सिंह फ्लाईओवर, मिंटो रोड और पटेल चौक से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी.
NDLS जाने वालों के लिए वैकल्पिक रास्ते
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले यात्रियों को ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है. आरएमएल हॉस्पिटल रोड, मंदिर मार्ग, रानी झांसी रोड और विंडसर प्लेस जैसे रास्तों का इस्तेमाल कर यात्री स्टेशन तक आसानी से पहुंच सकते हैं.
पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने की अपील
दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निजी वाहनों की जगह सार्वजनिक परिवहन, खासकर मेट्रो का अधिक से अधिक उपयोग करें. साथ ही, शराब पीकर गाड़ी चलाने से सख्ती से बचने की चेतावनी भी दी गई है.
सुरक्षा और मदद के लिए हेल्पलाइन
नए साल की रात कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने बड़े स्तर पर सुरक्षा अभियान शुरू किया है. नियम तोड़ने या हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. किसी भी परेशानी या जानकारी के लिए लोग व्हाट्सएप नंबर 8750871493 और हेल्पलाइन नंबर 1095 / 011-25844444 पर संपर्क कर सकते हैं. दिल्ली पुलिस का कहना है कि अगर लोग संयम, धैर्य और ट्रैफिक नियमों का पालन करें, तो नए साल का जश्न सुरक्षित और यादगार बनाया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: Weather Update Today: ठंड, कोहरा और शीतलहर का ट्रिपल अटैक, जानें आपके राज्य का हाल