Weather Update Today: ठंड, कोहरा और शीतलहर का ट्रिपल अटैक, जानें आपके राज्य का हाल

Weather Update: उत्तर भारत में ठंड ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रखा है. शीतलहर, कोहरा और गिरते तापमान के बीच लोगों को फिलहाल राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं.

Weather Update Today heavy snowfall rainfall delhi ncr know update
Image Source: ANI

Weather Update: उत्तर भारत में ठंड ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रखा है. शीतलहर, कोहरा और गिरते तापमान के बीच लोगों को फिलहाल राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं. मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, आने वाले एक-दो दिनों में पहाड़ी इलाकों के साथ-साथ मैदानी राज्यों में मौसम और ज्यादा करवट ले सकता है. कुछ क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि कई राज्यों में सुबह और रात के समय घने से बहुत घने कोहरे का कहर बना रहेगा.साल के आखिरी दो दिनों में उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ने की चेतावनी भी जारी की गई है.


जम्मू-कश्मीर में मौसम ने मंगलवार को फिर करवट ली. कश्मीर घाटी के कई इलाकों में दोपहर बाद बर्फबारी दर्ज की गई. उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के गुरेज, बारामूला के गुलमर्ग और कुपवाड़ा के माछिल जैसे क्षेत्रों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई. मौसम विभाग के अनुसार, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते आज और कल जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ भारी बर्फबारी हो सकती है, जिससे ठंड और बढ़ने की संभावना है.

मैदानी इलाकों में ठंड और कोहरे का डबल असर

पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी क्षेत्रों में साफ दिखाई दे रहा है. मैदानों में तापमान तेजी से गिरा है और ठंड का प्रकोप बढ़ गया है. कोहरे के चलते दृश्यता भी बेहद कम हो रही है, जिससे यातायात और दैनिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं. दिल्ली-एनसीआर में आज भी घना कोहरा छाया रहा, जिससे सुबह के समय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. मौसम विभाग का अनुमान है कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज रात और सुबह घना कोहरा देखने को मिलेगा. पूर्वी उत्तर प्रदेश में यह स्थिति 1 जनवरी तक बनी रह सकती है. इसके बाद धीरे-धीरे कोहरे के असर में कमी आने की संभावना है.

बिहार में कड़ाके की ठंड, शीत दिवस का अलर्ट

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बिहार के कुछ इलाकों में आज कड़ाके की ठंड पड़ सकती है. राज्य में शीत दिवस की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है, जिसमें न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा नीचे दर्ज किया जाता है.इसके अलावा आज और कल हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में, 1 से 4 जनवरी के दौरान बिहार में और आज उत्तर प्रदेश में भी शीत दिवस पड़ने की आशंका है.

घना कोहरा और शीतलहर की व्यापक चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 1 जनवरी तक, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश और ओडिशा में 2 जनवरी तक सुबह और रात के समय घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है.हिमाचल प्रदेश में आज, उत्तराखंड में 4 जनवरी तक, राजस्थान में 1 से 4 जनवरी तक, मध्य प्रदेश में आज, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 3 जनवरी तक, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में आज से 3 जनवरी तक, बिहार में 5 जनवरी तक, झारखंड में आज तक और ओडिशा में 2 से 4 जनवरी तक कोहरे का असर देखने को मिल सकता है.

कई राज्यों में शीतलहर का प्रकोप

पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में आज तक शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है. वहीं पश्चिमी राजस्थान में 2 और 3 जनवरी, हिमाचल प्रदेश में आज से 3 जनवरी तक तथा तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक में 1 जनवरी तक शीतलहर का असर रहने की संभावना है. इसके अलावा असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 4 जनवरी तक भीषण ठंड पड़ने का अनुमान है.

यह भी पढ़ें: दिल्ली पर दुश्मनों का हर वार जाएगा बेकार, राजधानी की सुरक्षा करेगा 'सुदर्शन चक्र'; जानें ये कैसे करेगा काम