Delhi Rape Case: दिल्ली के श्रीनिवासपुरी इलाके में एक आईआरएस (IRS) अधिकारी की बेटी के साथ हुई दरिंदगी और हत्या की वारदात ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. पुलिस की शुरुआती जांच में जो बातें निकलकर सामने आई हैं, वे न केवल हैरान करने वाली हैं बल्कि यह भी दिखाती हैं कि आरोपी कितना शातिर और क्रूर दिमाग का है. पुलिस ने जब आरोपी राहुल मीणा को गिरफ्तार किया, तो उसकी जिंदगी और उसके अपराधों की एक लंबी काली फेहरिस्त सामने आई.
ऑनलाइन सट्टेबाजी की लत और कर्ज का बोझ
पुलिस जांच में यह बात साफ हुई है कि राहुल मीणा को ऑनलाइन सट्टेबाजी की बहुत बुरी लत थी. इसी लत के कारण वह धीरे-धीरे कर्ज के दलदल में फंसता चला गया. उसने न केवल अपने राजस्थान के गांव के लोगों से पैसे उधार लिए थे, बल्कि दिल्ली में रहने के दौरान उसने आईआरएस अधिकारी के पड़ोसियों से भी मोटी रकम उधार ले रखी थी. दिलचस्प बात यह है कि आईआरएस अधिकारी को जब इसकी भनक लगी, तो उन्होंने इंसानियत के नाते कई पड़ोसियों का कर्ज खुद चुकाया भी था. हालांकि, जब राहुल की आदतें नहीं सुधरीं, तो करीब डेढ़ महीने पहले उसे नौकरी से निकाल दिया गया. वह करीब डेढ़ साल से अधिकारी के घर पर काम कर रहा था और घर के चप्पे-चप्पे से वाकिफ था.
एक दिन पहले राजस्थान में किया था रेप
राहुल की आपराधिक मानसिकता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दिल्ली की इस खौफनाक वारदात से महज एक दिन पहले उसने राजस्थान के अलवर में भी एक जघन्य अपराध किया था. वहां उसने एक शादीशुदा महिला के साथ जबरदस्ती की और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया. जब पीड़ित महिला ने अपने पति को इस बारे में बताया, तो उसका पति राहुल की जान लेने के लिए उसे ढूंढ रहा था. पुलिस और गांव वालों के डर से राहुल वहां से भाग निकला और दिल्ली की तरफ रुख किया.
40 मिनट के अंदर खौफनाक खेल और बेरहमी
दिल्ली भागने के लिए राहुल ने एक एम्बुलेंस में लिफ्ट ली और बुधवार की सुबह वह श्रीनिवासपुरी इलाके में उतरा. उसे पता था कि अधिकारी के घर में कब कौन होता है. सुबह करीब 6:20 पर वह घर के अंदर दाखिल हुआ. अगले 40 मिनट तक उसने वहां जो किया, वह रूह कंपा देने वाला था. उसने अधिकारी की बेटी के साथ रेप किया और फिर उसकी हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद उसने बड़े ही शातिर तरीके से घर के अंदर ही अपने खून से सने कपड़े बदले ताकि बाहर निकलते वक्त किसी को शक न हो. वह घर से कुछ कीमती सामान और नकदी लेकर सुबह 7:20 पर वहां से निकल गया.
गिरफ्तारी के बाद भी चेहरे पर शिकन नहीं
वारदात के बाद आरोपी ने भागने के लिए ओला कैब ली और द्वारका के एक ओयो (OYO) होटल में जाकर छिप गया. उसे लगा था कि वह पुलिस की नजरों से बच जाएगा, लेकिन पुलिस ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी की मदद से उसे होटल से धर दबोचा. पुलिस के मुताबिक, राहुल के चेहरे पर अपने किए का जरा भी पछतावा नहीं है. वह एक पेशेवर अपराधी की तरह बर्ताव कर रहा है. फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि क्या राहुल किसी और बड़े गैंग से जुड़ा है या उसने पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है.
ये भी पढ़ें- ईरान जंग के बीच भारत पर गहराया तेल संकट का खतरा, बैकअप स्टॉक भी हो रहे खत्म, अब क्या बचा है रास्ता?