फतवा जारी होने के बाद ट्रंप की हत्‍या के लिए ईरान में क्राउड फंडिंग, मौलवियों ने जुटा लिए 350 करोड़

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को लेकर एक नई खुफिया रिपोर्ट ने वैश्विक सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है.

crowd funding in Iran to assassinate Trump After Fatwa
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को लेकर एक नई खुफिया रिपोर्ट ने वैश्विक सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है. रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के कुछ धार्मिक नेताओं द्वारा ट्रंप के खिलाफ तीखे बयान सामने आए हैं, और दावा किया जा रहा है कि इन बयानों के बाद एक समूह ने कथित तौर पर "हिंसात्मक मंशा" से क्राउड फंडिंग शुरू की है. अब तक लगभग 40 मिलियन डॉलर (करीब 350 करोड़ रुपये) की राशि जुटाई जा चुकी है.

हालांकि इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन अमेरिकी खुफिया एजेंसियां इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से ले रही हैं और राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है.

भीड़ से फंड जुटाने की कोशिश

रिपोर्ट में कहा गया है कि यह राशि 'ब्लड कोवेनेंट' नामक एक कथित समूह द्वारा इकट्ठी की गई है, जिसे ईरान के कुछ मौलवियों का समर्थन प्राप्त बताया जा रहा है. ये मौलवी कथित रूप से ट्रंप को मध्य पूर्व में तनाव बढ़ाने के लिए जिम्मेदार मानते हैं. यह समूह सार्वजनिक रूप से किसी भी व्यक्ति से पैसा स्वीकार कर रहा है, और दान की राशि तय नहीं है — यानी कोई भी, किसी भी राशि का योगदान दे सकता है.

अजरबैजान से भी कथित समर्थन

एक और चौंकाने वाली बात यह है कि रिपोर्ट में ईरान के पश्चिमी अजरबैजान प्रांत में एक मौलवी द्वारा कथित रूप से इनाम घोषित करने का भी जिक्र किया गया है. मौलवी ने ट्रंप को नुकसान पहुंचाने के बदले लगभग 1.25 मिलियन डॉलर की रकम देने की बात कही है. हालांकि, इस दावे की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.

अमेरिकी एजेंसियां सतर्क

इन सभी रिपोर्ट्स को देखते हुए अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने राष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त कदम उठाए हैं. विशेष तौर पर ट्रंप के विदेशी दौरों के दौरान उनकी सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं. अमेरिका के भीतर भी उन स्थानों की सुरक्षा बढ़ाई गई है, जहां वे रुक सकते हैं या सार्वजनिक रूप से दिखाई दे सकते हैं.

ये भी पढ़ें- पोर्न स्टार संग ऐश, मुंह बंद रखने के लिए कैश... कौन हैं स्टॉर्मी डेनियल्स जिन्होंने ट्रंप पर लगाया आरोप?