CM Yogi Speech: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर के दौरे पर रहेंगे, जहां वे 1,200 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री दोनों जिलों में कुल 210 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. प्रतापगढ़ में मुख्यमंत्री करीब 384 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 111 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. वहीं, सुल्तानपुर में 800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 99 परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे. इन योजनाओं में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल, ग्रामीण विकास और आधारभूत संरचना से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दौरे के दौरान राजकीय मेडिकल कॉलेज सहित कई अहम परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे. इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, आवास की चाबी, स्वीकृति पत्र, सिलाई मशीन, चेक और प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए जाएंगे. सरकार का कहना है कि इन विकास परियोजनाओं से दोनों जिलों में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होंगी, बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और जनकल्याणकारी योजनाओं को नई गति मिलेगी. मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेंगे.