भोपाल में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लालघाटी स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने समान नागरिक संहिता को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए साफ संकेत दिया कि मध्य प्रदेश में इसे लागू करने की प्रक्रिया तेज हो चुकी है. सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि इसी महीने राज्य में यूसीसी लागू किया जाएगा, जिससे पूरे प्रदेश में एक समान कानून व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.
यूसीसी लागू करने पर क्या बोले सीएम मोहन?
सीएम मोहन यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि, श्यामा प्रसाद मुखर्जी हमारी यादों में बसे हुए हैं. हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि मध्य प्रदेश भी उन गौरवशाली राज्यों में शामिल हो रहा है, जहां एक संविधान लागू है. डॉ. मुखर्जी ने आजादी के समय बनने वाले संविधान के अंदर की कमी को परिलक्षित करते हुए कहा था कि देश एक निशान-एक प्रधान-एक विधान से चलना चाहिए. मध्य प्रदेश भी इसी महीने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की ओर बढ़ रहा है.
"MP ने डिफेंस के सेक्टर में स्वर्णिम इतिहास लिखा"
उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश वह सब करने जा रहा है, जो देश के लिए जरूरी है. उनके नेतृत्व में भारत दुनिया में अपनी विशेष पहचान बना रहा है. डॉ. मुखर्जी के उदात्त विचार को लेकर हम औद्योगिकीकरण की ओर बढ़ रहे हैं. हम हर वर्ग के जीवन में कल्याण करने की तरफ बढ़ रहे हैं. सीएम मोहन यादव ने कहा कि, डॉ मुखर्जी जिस प्रकार के भारत की कल्पना करते थे, हम वह राष्ट्र बनाने की ओर अग्रसर हैं. मध्य प्रदेश ने पहली बार डिफेंस के सेक्टर में स्वर्णिम इतिहास लिखा है. अब हमारे प्रदेश के अंदर तमाम प्रकार के रक्षा उत्पाद बनेंगे.
सीएम मोहन यादव ने कहा कि आज मैं श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती को सार्थक करते हुए सतगढ़ी में बहुत बड़े इंडस्ट्रियल पार्क का उद्घाटन करूंगा. इस पार्क में रहना, खाना, आराम करना, रोजगार पाना समग्र रूप से सुगम होगा. भोपाल बदलते समय में एक समृद्धशाली आर्थिक राजधानी बनने जा रहा है. विकास की आधारशिला रखने के लिए डॉ मुखर्जी की जयंती से बड़ा दिन और कौन सा हो सकता है.
भोपाल में बन रहा है सबसे बड़ा कंवेंशन सेंटर
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा कंवेंशन सेंटर भोपाल में बनेगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरी दुनिया के अतिथि भारत आते हैं और सहजता से सारे कार्यक्रम संपन्न होते हैं. इसलिए अच्छे कामों के संकल्प के लिए हम कुशाभाऊ ठाकरे सभागार के पास भी कंवेंशन सेंटर बना रहे हैं. इसमें 5 हजार लोगों के बैठने की क्षमता होगी. जबकि, सतगढ़ी का कंवेंशन सेंटर 10 से 15 हजार लोगों की बैठक क्षमता वाला होगा. आज मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि पूरे देश में मध्यप्रदेश वो स्थान है, जहां बेरोजगारी की दर सबसे कम है. प्रदेश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है.
ये भी पढ़ें: MP: शिवपुरी बनेगा भारत का डिफेंस पावरहाउस! 2500 करोड़ की फैक्ट्री का शिलान्यास, तैयार होंगे घातक हथियार