मध्य प्रदेश का शिवपुरी अब देश के रक्षा उत्पादन मानचित्र पर एक नई पहचान बनाने जा रहा है. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यहां अदाणी समूह की ओर से लगभग 2,500 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाले अत्याधुनिक डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास किया. इसे दक्षिण एशिया के सबसे बड़े आधुनिक रक्षा उत्पादन केंद्रों में शामिल माना जा रहा है. कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के डायरेक्टर जीत अदाणी और अदाणी पोर्ट्स के एमडी करण अदाणी भी मौजूद रहे. यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'आत्मनिर्भर भारत' और 'मेक इन इंडिया' अभियान को नई मजबूती देने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है.
रोजगार और विकास को मिलेगा नया इंजन
डिफेंस प्लांट के शिलान्यास के साथ ही मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवपुरी एवं आसपास के क्षेत्रों के विकास के लिए 211.29 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया. इन योजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देना और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना है. अनुमान है कि इस मेगा प्रोजेक्ट से करीब 2,000 लोगों को प्रत्यक्ष और 10,000 से अधिक लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा, जिससे पूरे इलाके की आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी.
'नया इतिहास लिखा गया'
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पीएम मोदी और सीएम मोहन यादव का आभार जताते हुए कहा कि शिवपुरी और सिंधिया परिवार का नाता सदियों पुराना है और आज इस क्षेत्र को औद्योगिक रूप से विकसित होते देखना गर्व की बात है. 211 करोड़ रुपये से ज्यादा के दूसरे विकास कार्य शिवपुरी के बुनियादी ढांचे को एक नई ऊंचाई देंगे. 2,500 करोड़ की मिसाइल की फैक्ट्री के जरिए शिवपुरी का नाम इतिहास में दर्ज हो गया है. मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर का सपना साकार शिवपुरी के युवा पूरा करेंगे.
'साउथ एशिया के सबसे बड़े प्राइवेट सेक्टर मिसाइल इकोसिस्टम की शुरुआत'
अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के डायरेक्टर जीत अदाणी ने कहा, "आज हम सभी के लिए खास दिन है. आज हम साउथ एशिया के सबसे बड़े प्राइवेट सेक्टर मिसाइल इकोसिस्टम की शुरुआत करने जा रहे हैं. ये एक ऐसी सुविधा है, जहां नेशनल डिफेंस की रॉ मटेरियल और पूरी तरह से मिशन रेडी मिसाइल एक ही जगह बनाई जाएंगी. मध्य प्रदेश अब देश की सबसे मजबूत ग्रोथ स्टोरीज में से एक बनकर उभरा है. अदाणी ग्रुप के साथ इस सफर का हिस्सा बनने पर हमें बहुत गर्व है."
'एमपी में अदाणी ग्रुप ने किया लगातार निवेश'
जीत अदाणी ने एमपी में किए निवेश के बारे में जानकारी देते हुए बताया, "पिछले साल भोपाल में हुए ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने एमपी में 1,10,000 करोड़ रुपये के निवेश का वादा किया था. ये निवेश पंप-हाइड्रो स्टोरेज, सीमेंट, माइनिंग, स्मार्ट मीटर और थर्मल एनर्जी जैसे सेक्टर में होगा, साथ ही 2030 तक करीब 1,20,000 नौकरियां पैदा करेगा. ग्रुप ने कटनी जिले में अमेठी और कैमोर प्लांट में पहले ही 4,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया है. आज, अदाणी पावर प्रदेश को 1,200 मेगा वॉट बिजली सप्लाई कर रही है और हम 5,600 मेगा वॉट की अतिरिक्त क्षमता पर काम कर रहे हैं."
आधुनिक हथियारों के निर्माण का बनेगा प्रमुख केंद्र
शिवपुरी के कोलारस क्षेत्र में बनने वाला यह प्लांट मध्य प्रदेश के सबसे बड़े रक्षा औद्योगिक निवेशों में से एक होगा. यहां अत्याधुनिक तकनीक की मदद से एडवांस असॉल्ट राइफल, लाइट मशीन गन, स्नाइपर राइफल, पिस्तौल, सब-मशीन गन समेत कई आधुनिक छोटे हथियार और रक्षा उपकरण तैयार किए जाएंगे. इस परियोजना से भारतीय सेना और सुरक्षा बलों को स्वदेशी हथियार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी, साथ ही रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिस्पर्धा दोनों को मजबूती मिलेगी.
ये भी पढ़ें: अयातुल्ला खामेनेई के जनाजे में दिखे उनके तीन बेटे, लेकिन मोजतबा अब भी गायब, जानें कारण