नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और त्रिपुरा के नए प्रदेश अध्यक्षों के नामों का ऐलान कर दिया है. पार्टी ने अलग-अलग राज्यों में नए चेहरों को जिम्मेदारी देकर आगामी चुनावी रणनीति और संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है.
बीजेपी की ओर से जारी सूची के मुताबिक हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली बीजेपी का नया अध्यक्ष बनाया गया है. वहीं हरियाणा में डॉ. अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है. पंजाब में केवल सिंह ढिल्लों को कमान दी गई है, जबकि त्रिपुरा बीजेपी की कमान अब अभिषेक देबरॉय संभालेंगे.
हर्ष मल्होत्रा बने दिल्ली बीजेपी के नए अध्यक्ष
बीजेपी ने वीरेंद्र सचदेवा की जगह हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है. हर्ष मल्होत्रा लंबे समय से पार्टी संगठन में सक्रिय रहे हैं और पूर्वी दिल्ली में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है.
उन्होंने 2024 लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में पूर्वी दिल्ली सीट से बड़ी जीत दर्ज की थी. वर्तमान में वह केंद्र सरकार में कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में राज्य मंत्री के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.
BJP appoints Harsh Malhotra as the President of the Bharatiya Janata Party, Delhi unit. pic.twitter.com/wJZj5IvcGb
— ANI (@ANI) May 28, 2026
हर्ष मल्होत्रा इससे पहले 2015-16 के दौरान पूर्वी दिल्ली नगर निगम के मेयर भी रह चुके हैं. पार्षद रहते हुए उन्होंने सरकारी स्कूलों में कुपोषण के खिलाफ अभियान चलाकर खास पहचान बनाई थी. पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में दिल्ली बीजेपी संगठन को नई मजबूती मिलेगी.
हरियाणा बीजेपी की कमान डॉ. अर्चना गुप्ता को
हरियाणा में बीजेपी ने बड़ा बदलाव करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है. उन्होंने पूर्व अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली का स्थान लिया है.
डॉ. अर्चना गुप्ता इससे पहले हरियाणा बीजेपी में प्रदेश महामंत्री के पद पर कार्य कर चुकी हैं. संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और लंबे अनुभव को देखते हुए पार्टी ने उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी है.
वह पानीपत जिले की जिलाध्यक्ष भी रह चुकी हैं और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है. पेशे से डॉक्टर डॉ. अर्चना गुप्ता ने रेडियोलॉजी में गोल्ड मेडल हासिल किया है. पार्टी के भीतर उन्हें एक मजबूत महिला चेहरा माना जाता है.
पंजाब में केवल सिंह ढिल्लों को नई जिम्मेदारी
पंजाब बीजेपी की कमान केवल सिंह ढिल्लों को सौंपी गई है. पार्टी नेतृत्व ने राज्य में संगठन को विस्तार देने और आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है.
केवल सिंह ढिल्लों लंबे समय से पंजाब की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और उन्हें ग्रामीण इलाकों में मजबूत पकड़ वाला नेता माना जाता है. बीजेपी को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में पंजाब में पार्टी का जनाधार और मजबूत होगा.
त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को मिली कमान
बीजेपी ने पूर्वोत्तर राज्यों पर फोकस जारी रखते हुए त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है. पार्टी नेतृत्व ने संगठन को और मजबूत करने तथा राज्य में राजनीतिक पकड़ बनाए रखने के लिए उन्हें जिम्मेदारी दी है.
त्रिपुरा बीजेपी में अभिषेक देबरॉय को युवा और सक्रिय नेता के रूप में देखा जाता है. माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में पार्टी राज्य में संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने की कोशिश करेगी.
संगठन में बदलाव को लेकर तेज हुई राजनीतिक चर्चा
चार राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति को बीजेपी के बड़े संगठनात्मक बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है. माना जा रहा है कि पार्टी आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन में नए नेतृत्व को आगे बढ़ा रही है.
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि बीजेपी अब राज्यों में ऐसे चेहरों को जिम्मेदारी दे रही है जो संगठन और जनता दोनों के बीच मजबूत पकड़ रखते हों. आने वाले समय में पार्टी अन्य राज्यों में भी संगठनात्मक फेरबदल कर सकती है.
ये भी पढ़ें- Vaibhav Sooryavanshi: नई सिक्स मशीन... गेल-रसेल भी हुए वैभव सूर्यवंशी के दीवाने, कई दिग्गजों ने की तारीफ