Vaibhav Sooryavanshi: आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने ऐसा धमाका किया है, जिसकी चर्चा अब पूरी क्रिकेट दुनिया में हो रही है. सिर्फ 15 साल की उम्र में वैभव ने वो रिकॉर्ड तोड़ दिया, जो सालों से टी20 क्रिकेट के सबसे बड़े सिक्सर किंग क्रिस गेल के नाम था. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए आईपीएल इतिहास में एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
इस ऐतिहासिक पारी के बाद सिर्फ भारतीय क्रिकेट फैंस ही नहीं, बल्कि दुनिया के बड़े-बड़े दिग्गज भी वैभव के मुरीद हो गए हैं. खास बात यह रही कि क्रिस गेल, आंद्रे रसेल और सनथ जयसूर्या जैसे दिग्गजों ने खुलकर इस युवा बल्लेबाज की तारीफ की. इन तीनों खिलाड़ियों ने मिलकर अपने करियर में 2000 से ज्यादा छक्के लगाए हैं.
वैभव ने तोड़ा गेल का रिकॉर्ड
न्यू चंडीगढ़ में खेले गए एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की. उन्होंने सिर्फ 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 29 गेंदों में 97 रन की विस्फोटक पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 12 छक्के और 5 चौके लगाए.
हालांकि वह क्रिस गेल का सबसे तेज आईपीएल शतक का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए, लेकिन उन्होंने एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड जरूर अपने नाम कर लिया. इस मैच से पहले वैभव को रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 7 छक्कों की जरूरत थी, लेकिन उन्होंने पावरप्ले में ही 8 छक्के लगाकर 2012 से चला आ रहा रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया.
अब वैभव सूर्यवंशी के नाम आईपीएल 2026 में 65 छक्के दर्ज हो चुके हैं, जबकि इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रिस गेल के 59 छक्कों का था.
‘नई सिक्स मशीन’ बोले क्रिस गेल
वैभव की इस बल्लेबाजी को देखकर खुद क्रिस गेल भी हैरान रह गए. वेस्टइंडीज के इस दिग्गज बल्लेबाज ने सोशल मीडिया पर वैभव की जमकर तारीफ की और उन्हें “नई सिक्स मशीन” बताया.
What a phenomenal player Vaibhav is. Great entertainment young man! New Six machine @IPL pic.twitter.com/ofElAousF7
— Chris Gayle (@henrygayle) May 27, 2026
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा 1056 छक्के लगाने वाले गेल ने लिखा कि वैभव शानदार खिलाड़ी हैं और उन्होंने जबरदस्त एंटरटेनमेंट किया है. क्रिकेट के सबसे बड़े सिक्स हिटर्स में शामिल गेल से ऐसी तारीफ मिलना किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए बड़ी बात मानी जा रही है.
रसेल ने उम्र पर उठे सवालों का दिया जवाब
सिर्फ गेल ही नहीं, बल्कि आंद्रे रसेल ने भी वैभव की बल्लेबाजी की जमकर सराहना की. रसेल ने उन लोगों को भी जवाब दिया जो वैभव की उम्र को लेकर सवाल उठा रहे थे.
रसेल ने कहा कि कई 30 साल के खिलाड़ी भी वो नहीं कर पा रहे हैं, जो वैभव इस उम्र में कर रहे हैं. उन्होंने युवा बल्लेबाज को लगातार ऐसे ही खेलने की सलाह दी और खुद को उनका बड़ा फैन बताया.
Andre Russell’s Instagram story for Vaibhav Sooryavanshi. pic.twitter.com/d9gtHkAoD8
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) May 27, 2026
रसेल की इस प्रतिक्रिया ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं.
जयसूर्या ने बताया ‘बहुत खास प्रतिभा’
श्रीलंका के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज सनथ जयसूर्या ने भी वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी की तारीफ की. उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में ऐसा आत्मविश्वास और आक्रामक बल्लेबाजी बेहद खास है. जयसूर्या का मानना है कि क्रिकेट को एक बहुत बड़ा खिलाड़ी मिल रहा है.
This is some hitting from Vaibhav
— Sanath Jayasuriya (@Sanath07) May 27, 2026
Very special talent, such confidence at a young age. Cricket has a special player coming through
वैभव ने IPL में बनाए कई रिकॉर्ड
सिर्फ सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड ही नहीं, बल्कि वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं.
वह अब आईपीएल इतिहास में एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने अपने ही ओपनिंग पार्टनर यशस्वी जायसवाल का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2023 में 626 रन बनाए थे. वैभव इस सीजन अब तक 680 रन बना चुके हैं.
इसके अलावा उन्होंने आईपीएल प्लेऑफ में सबसे तेज अर्धशतक लगाने के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली. इससे पहले सुरेश रैना ने 2014 में 16 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी. वैभव ने भी सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सिर्फ 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया.
इतना ही नहीं, प्लेऑफ या नॉकआउट मैच की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अब वैभव के नाम हो गया है. उन्होंने गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2023 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ एक पारी में 10 छक्के लगाए थे.
वैभव ने इस मैच में पावरप्ले के अंदर ही 8 छक्के जड़ दिए. आईपीएल के 19 साल के इतिहास में इससे पहले किसी बल्लेबाज ने पावरप्ले में इतने छक्के नहीं लगाए थे.
ये भी पढ़ें- GT vs RR Qualifier-2: कब और कहां होगा गुजरात-राजस्थान के बीच क्वालीफायर-2, किसका पलड़ा रहेगा भारी?