September Rule Changes 2026: अगस्त का महीना खत्म होने वाला है और 1 सितंबर से नया महीना शुरू हो जाएगा. हर महीने की शुरुआत की तरह सितंबर में भी कई अहम बदलाव लागू होने जा रहे हैं, जिनका असर सीधे आम लोगों की जेब और रोजमर्रा के कामकाज पर पड़ सकता है. इनमें एलपीजी सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा, गैस कनेक्शन की e-KYC, कारों की कीमतों में बदलाव, मुंबई में तबेला दूध के दाम और विदेश यात्रा के दौरान एयरपोर्ट इमिग्रेशन प्रक्रिया से जुड़े बदलाव शामिल हैं. ऐसे में सितंबर शुरू होने से पहले इन बदलावों के बारे में जानना जरूरी है.
1 सितंबर को LPG सिलेंडर के नए दाम हो सकते हैं जारी
हर महीने की पहली तारीख को सरकारी तेल कंपनियां घरेलू और कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं. ऐसे में 1 सितंबर 2026 को भी सिलेंडर की नई कीमतें सामने आ सकती हैं. अगर कीमतों में बदलाव होता है, तो इसका सीधा असर लोगों के मासिक किचन बजट पर पड़ेगा. अगस्त में तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 202 रुपये की कटौती की थी, जबकि 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया था. इसके साथ ही ATF यानी एयर टर्बाइन फ्यूल की कीमतों में भी बदलाव संभव है, जिसका असर विमानन कंपनियों की लागत और हवाई किराये पर पड़ सकता है.
LPG e-KYC के लिए आज आखिरी मौका
घरेलू LPG उपभोक्ताओं के लिए e-KYC से जुड़ा काम भी बेहद जरूरी है. IOCL, BPCL और HPCL ने LPG e-KYC पूरा करने की अंतिम तारीख 31 अगस्त 2026 तय की है. ऐसे में जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उनके पास इसे पूरा करने के लिए अब ज्यादा समय नहीं बचा है. समय पर e-KYC नहीं कराने पर गैस कनेक्शन से जुड़ी सेवाओं में परेशानी आ सकती है. कुछ मामलों में सब्सिडी या सामान्य कीमत पर सिलेंडर मिलने में भी दिक्कत की स्थिति बन सकती है. इसलिए LPG उपभोक्ताओं को अपनी e-KYC स्थिति जरूर जांच लेनी चाहिए.
सितंबर से Tata और Hyundai की कारें हो सकती हैं महंगी
अगर आप नई कार खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो सितंबर की शुरुआत आपके बजट पर असर डाल सकती है. Tata Motors Passenger Vehicles Limited ने 1 सितंबर से अपने पैसेंजर वाहनों और SUV की कीमतों में 25,000 रुपये तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया है. वहीं Hyundai Motor India भी सितंबर से अपनी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी करने जा रही है. कंपनी की ओर से इस साल यह तीसरी कीमत वृद्धि बताई जा रही है. ऐसे में नई कार खरीदने वालों को सितंबर से अतिरिक्त कीमत चुकानी पड़ सकती है.
मुंबई में तबेला दूध के दाम बढ़ेंगे
मुंबई के लोगों के लिए भी 1 सितंबर से दूध महंगा होने जा रहा है. शहर में तबेला दूध की कीमत में 9 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की जाएगी. कीमत बढ़ने के बाद 93 रुपये प्रति लीटर मिलने वाला तबेला दूध 102 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा. दूध कारोबारियों के मुताबिक, पशुओं की देखभाल, चारे और पशु आहार की बढ़ती लागत के चलते कीमत बढ़ाने का फैसला लिया गया है. हालांकि, यह बढ़ोतरी पैकेट वाले दूध पर लागू नहीं होगी और केवल तबेला दूध की कीमत प्रभावित होगी.
विदेश यात्रा में इमिग्रेशन प्रक्रिया हो सकती है आसान
1 सितंबर से विदेश जाने वाले यात्रियों के लिए एयरपोर्ट इमिग्रेशन प्रक्रिया में भी बदलाव देखने को मिल सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यात्रियों को इमिग्रेशन काउंटर पर बोर्डिंग पास पर स्टैम्प लगवाने की जरूरत नहीं होगी. इसके बजाय मोबाइल में इलेक्ट्रॉनिक बोर्डिंग पास या उसकी प्रिंटेड कॉपी दिखाकर प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी. इस बदलाव का उद्देश्य यात्रियों के लिए इमिग्रेशन प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाना है. इससे एयरपोर्ट पर दस्तावेजों से जुड़ी प्रक्रिया आसान होने और यात्रियों का समय बचने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें- विदेश यात्रा होगी आसान! एयरपोर्ट इमिग्रेशन में नियम में बदलाव, बोर्डिंग पास पर नहीं होगी मुहर की जरूरत