IMD Weather Update: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ता नजर आ रहा है. मौसम विभाग ने 31 अगस्त को यूपी, बिहार, दिल्ली समेत 19 राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. वहीं, पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है, जबकि पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में आकाशीय बिजली और वज्रपात को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
बंगाल की खाड़ी में बन रहा मौसम का सिस्टम
मौसम में बदलाव के पीछे बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं की भूमिका अहम मानी जा रही है. उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट के पास चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है. इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में भी चक्रवाती परिसंचरण का असर देखने को मिल सकता है. इसके चलते कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ ओले भी गिर सकते हैं.
19 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 31 अगस्त को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, त्रिपुरा और मेघालय में बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है. कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. ऐसे में लोगों को खुले इलाकों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
दिल्ली में बारिश के साथ चलेगी तेज हवा
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 31 अगस्त को भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. बारिश और तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है.
यूपी के कई जिलों में मौसम बिगड़ने के आसार
उत्तर प्रदेश के मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, मुरादाबाद, अलीगढ़, आगरा, झांसी, मथुरा, कानपुर, गोरखपुर, अयोध्या, प्रयागराज, बदायूं, आजमगढ़, इटावा, ललितपुर, वाराणसी, महोबा, सोनभद्र और बिजनौर में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है. लखनऊ में 31 अगस्त को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
बिहार में भी तेज बारिश और आंधी का खतरा
बिहार के कई जिलों में 31 अगस्त को मौसम खराब रहने की संभावना है. गोपालगंज, सारण, सिवान, पटना, गया, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, जहानाबाद, बक्सर, भोजपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, भागलपुर, मुंगेर, लखीसराय और बेगूसराय में भारी बारिश के साथ आंधी का अलर्ट है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. पटना में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
झारखंड में 70 किमी प्रति घंटे तक चल सकती है हवा
झारखंड में भी 31 अगस्त को मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है. जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद, सरायकेला, पलामू, गुमला, दुमका, सिमडेगा, रामगढ़, चतरा, देवघर, पश्चिमी सिंहभूम और हजारीबाग में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है. कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. रांची में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
पहाड़ी राज्यों में लैंडस्लाइड का खतरा
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है. उत्तराखंड के अल्मोड़ा, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश, पौड़ी गढ़वाल, उत्तरकाशी, चंपावत और टिहरी गढ़वाल में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. देहरादून में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
हिमाचल प्रदेश में शिमला, बिलासपुर, सोलन, धर्मशाला, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भी भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है. यहां 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मनाली में अधिकतम तापमान करीब 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
पश्चिम बंगाल में तेज हवाओं का अलर्ट
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी, मालदा, हावड़ा, कोलकाता, अलीपुरद्वार, दार्जिलिंग, पूर्व बर्धमान, पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा, कालिम्पोंग और दुर्गापुर में भारी बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है. कुछ इलाकों में 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कोलकाता में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
पंजाब में भी बारिश और आंधी की चेतावनी
पंजाब में अमृतसर, बठिंडा, चंडीगढ़, लुधियाना, फरीदकोट, फिरोजपुर, होशियारपुर, कपूरथला, संगरूर और जालंधर में मध्यम से भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
मध्य प्रदेश में कई जिलों में बदलेगा मौसम
मध्य प्रदेश में मांडला, होशंगाबाद, खंडवा, सिवनी, खरगोन, सीधी, उमरिया, शहडोल, अलीराजपुर, धार, ग्वालियर, अशोकनगर, उज्जैन, आगर मालवा, मंदसौर, रतलाम, नरसिंहपुर, भोपाल, इंदौर, दतिया और शिवपुरी में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है. इस दौरान करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. भोपाल में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
राजस्थान में बारिश का अलर्ट नहीं
राजस्थान के लिए 31 अगस्त को फिलहाल भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. बीकानेर, कोटा, जयपुर, चूरू, अजमेर, उदयपुर, भरतपुर, जैसलमेर, जालौर, करौली, श्रीगंगानगर, चित्तौड़गढ़, हनुमानगढ़, पाली, राजसमंद, बालोतरा और डीग में उमस भरी गर्मी का असर देखने को मिल सकता है. जयपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
आंधी-बारिश में सावधानी जरूरी
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी एहतियात बरतने की सलाह दी गई है. तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका के दौरान खुले मैदानों में जाने से बचना बेहतर होगा. मछुआरों को नदी, समुद्र और अन्य जलस्रोतों के किनारे से दूर सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है. वहीं, भारी बारिश के दौरान पहाड़ी और घने जंगल वाले इलाकों में गैरजरूरी यात्रा से बचना भी जरूरी है. अगले कुछ दिनों तक मौसम के बदलते मिजाज पर नजर रखना लोगों के लिए बेहद अहम रहेगा.
ये भी पढ़ें: एक पहिया टिकाया और थम गई सांसें... सेना के पायलटों ने 18,600 फीट पर किया खतरनाक रेस्क्यू