September Rule Changes 2026: अगस्त का महीना अब अपने आखिरी पड़ाव पर है और इसके साथ ही सितंबर की शुरुआत होने वाली है. हर महीने की तरह इस बार भी 1 सितंबर 2026 से कई ऐसे बदलाव लागू होने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ सकता है. इन बदलावों में एलपीजी सिलेंडर की कीमत, गैस की ई-केवाईसी, कारों के दाम, मुंबई में दूध की कीमत और एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन प्रक्रिया से जुड़े नियम शामिल हैं.
LPG सिलेंडर की कीमतों में हो सकता है बदलाव
हर महीने की पहली तारीख को ऑयल मार्केटिंग कंपनियां घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं. ऐसे में 1 सितंबर 2026 को भी नई कीमतें जारी होने की उम्मीद है. कीमतों में कटौती या बढ़ोतरी का सीधा असर लोगों के रसोई बजट पर पड़ेगा.
अगस्त की शुरुआत में तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 202 रुपये की कटौती की थी, जबकि 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया था. इसके अलावा एयर टर्बाइन फ्यूल यानी ATF की कीमतों में भी बदलाव हो सकता है, जिसका असर हवाई सफर के किराये पर पड़ सकता है.
LPG e-KYC के लिए 31 अगस्त तक मौका
घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी भी बेहद जरूरी है. IOCL, BPCL और HPCL ने LPG e-KYC पूरा करने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है. यानी उपभोक्ताओं के पास प्रक्रिया पूरी करने के लिए अब ज्यादा समय नहीं बचा है. अगर तय समय सीमा तक ई-केवाईसी पूरी नहीं की जाती है, तो गैस कनेक्शन से जुड़ी सुविधाओं में परेशानी आ सकती है. कुछ मामलों में सब्सिडी या सामान्य कीमत पर सिलेंडर मिलने में भी दिक्कत हो सकती है. इसलिए जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अभी बाकी है, उन्हें समय रहते इसे पूरा कर लेना चाहिए.
सितंबर से महंगी हो सकती हैं Tata और Hyundai की कारें
कार खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए सितंबर की शुरुआत जेब पर भारी पड़ सकती है. टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड ने 1 सितंबर से अपने पैसेंजर वाहनों और एसयूवी की कीमतों में 25,000 रुपये तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया है. वहीं, हुंडई मोटर इंडिया भी सितंबर से अपनी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी करने जा रही है. कंपनी की ओर से इस साल यह तीसरी कीमत वृद्धि बताई जा रही है. ऐसे में अगर आप नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो बढ़ी हुई कीमतों का असर आपके बजट पर दिखाई दे सकता है.
मुंबई में तबेला दूध के दाम बढ़ेंगे
सितंबर की शुरुआत मुंबई के लोगों के लिए महंगाई का एक और झटका लेकर आएगी. 1 सितंबर 2026 से मुंबई में तबेला वाले दूध की कीमत में 9 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी होने जा रही है. कीमत बढ़ने के बाद 93 रुपये प्रति लीटर मिलने वाला तबेला दूध अब 102 रुपये प्रति लीटर में मिलेगा. दूध कारोबारियों के मुताबिक, पशुओं की देखभाल, पशु आहार और चारे की लागत लगातार बढ़ने के कारण कीमत बढ़ाने का फैसला लिया गया है. हालांकि, यह बढ़ोतरी पैकेट वाले दूध पर नहीं बल्कि तबेला दूध की कीमतों पर लागू होगी.
विदेश यात्रा करने वालों के लिए एयरपोर्ट पर बदलाव
1 सितंबर से विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए इमिग्रेशन प्रक्रिया में भी बदलाव देखने को मिल सकता है. रिपोर्ट्स के अनुसार, यात्रियों को इमिग्रेशन काउंटर पर बोर्डिंग पास पर स्टैम्प लगवाने की जरूरत नहीं होगी. इसके बजाय यात्री मोबाइल फोन में इलेक्ट्रॉनिक बोर्डिंग पास या उसकी प्रिंटेड कॉपी दिखाकर इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे. इससे यात्रियों के लिए एयरपोर्ट पर प्रक्रिया पहले की तुलना में आसान और सुविधाजनक होने की उम्मीद है.
आम आदमी की जेब पर पड़ेगा सीधा असर
कुल मिलाकर सितंबर की शुरुआत कई अहम बदलावों के साथ होने जा रही है. एलपीजी की नई कीमतों से लेकर कारों की कीमतों में बढ़ोतरी और मुंबई में दूध महंगा होने तक कई बदलाव सीधे घरेलू बजट को प्रभावित कर सकते हैं. वहीं, LPG e-KYC और एयरपोर्ट इमिग्रेशन से जुड़े बदलाव उपभोक्ताओं और यात्रियों की रोजमर्रा की प्रक्रिया को प्रभावित करेंगे.
ये भी पढ़ें- LPG, e-KYC की डेडलाइन से कारों की कीमत तक... 1 सितंबर से होंगे बड़े बदलाव, जानें जेब पर असर