Khan Sir Surrender: बिहार के चर्चित शिक्षक और खान ग्लोबल स्टडीज के संस्थापक खान सर ने पटना में कोचिंग संस्थान से जुड़े हिंसा और कथित फायरिंग प्रकरण में अदालत के समक्ष सरेंडर कर दिया है. इस मामले में उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस लंबे समय से उनकी तलाश कर रही थी और गिरफ्तारी की कार्रवाई की तैयारी में जुटी हुई थी.
पुलिस जांच के अनुसार, कोचिंग संस्थान में हुई फायरिंग की घटना में खान सर को नामजद आरोपी बनाया गया है. आरोप है कि घटना के दौरान उनके सुरक्षा कर्मियों द्वारा गोलियां चलाई गई थीं. इसी मामले में पुलिस पहले ही उनके दो सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.
पटना से इस वक्त की बड़ी खबर
— Bharat 24 - Vision Of New India (@Bharat24Liv) June 6, 2026
सरेंडर करने पहुंचे फैजल खान
सिविल कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे
फायरिंग मामले में दर्ज हुई है FIR
Watch : https://t.co/3fJ4B969tt#Patna #Bihar #FaizalKhan #Surrender #FiringCase #Bharat24Digital @bihar_police @PatnaPolice24x7 @kgs_live… pic.twitter.com/plJ9kdfpxr
गिरफ्तारी के लिए कोचिंग पहुंची थी पुलिस
एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस की टीम बीते शुक्रवार को खान ग्लोबल स्टडीज परिसर में उनकी तलाश के लिए पहुंची थी. हालांकि उस समय खान सर वहां मौजूद नहीं मिले. पुलिस कार्रवाई के दौरान कोचिंग संस्थान के बाहर बड़ी संख्या में छात्र एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने सख्ती दिखाई और छात्रों को परिसर तथा आसपास के इलाके से हटाया.
2 जून की घटना के बाद बढ़ा विवाद
पूरा मामला 2 जून को पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में हुई एक घटना से जुड़ा है. उस दिन खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान पर कुछ लोगों द्वारा कथित हमला और तोड़फोड़ की गई थी. इसी दौरान सुरक्षा में तैनात गार्डों ने राइफलों से कई राउंड फायरिंग की थी. घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया और पुलिस ने जांच शुरू की.
दो सुरक्षा गार्ड पहले ही जा चुके हैं जेल
वायरल वीडियो और जांच के आधार पर पुलिस ने खान सर के दो सुरक्षा गार्डों प्रदीप और तालेश्वर को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी. पुलिस का दावा है कि दोनों ने फायरिंग किए जाने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. साथ ही उनके हथियार भी जब्त कर लिए गए.
कोचिंग संस्थानों की प्रतिद्वंद्विता से भी जोड़कर देखा जा रहा मामला
इस पूरे विवाद को पटना के कोचिंग संस्थानों के बीच चल रही प्रतिस्पर्धा और वर्चस्व की लड़ाई से भी जोड़कर देखा जा रहा है. जांच के दौरान पुलिस ने प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान ज्ञान बिंदु के संचालक रोशन आनंद को मुख्य आरोपी मानते हुए गिरफ्तार किया और उन्हें जेल भेज दिया.
खान सर पर दर्ज हुई एफआईआर
कोचिंग संस्थान में हुई तोड़फोड़ और फायरिंग की घटना के बाद खान सर के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया. उन पर आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं. एफआईआर दर्ज होने के बाद से पुलिस उनकी तलाश में थी और उनकी कोचिंग के बाहर सुरक्षा बलों की तैनाती भी की गई थी.
कोर्ट में किया आत्मसमर्पण
लगातार बढ़ते कानूनी दबाव और पुलिस कार्रवाई के बीच खान सर ने अंततः अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया. अब आगे की कानूनी प्रक्रिया अदालत और जांच एजेंसियों की कार्रवाई के अनुसार आगे बढ़ेगी. इस पूरे घटनाक्रम पर छात्रों, शिक्षा जगत और राजनीतिक हलकों की भी नजर बनी हुई है.
ये भी पढ़ें- होर्मुज में फिर बढ़ा तनाव, ईरानी ड्रोन हमले के बाद अमेरिका का पलटवार, इन ठिकानों पर किया स्ट्राइक