Bhaktidwar TV App: भक्ति और आध्यात्म को डिजिटल दुनिया से जोड़ने की दिशा में एक नई पहल सामने आई है. मुंबई में ‘भक्तिद्वार टेलीविजन ऐप’ का भव्य लॉन्च किया गया, जिसे प्रसिद्ध भजन गायक और पद्मश्री सम्मानित अनूप जलोटा ने लॉन्च किया. इस मौके पर ऐप के लोगो का भी अनावरण हुआ और मेहमानों को प्लेटफॉर्म पर आने वाले धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों की झलक दिखाई गई.
एक दशक की मेहनत के बाद साकार हुआ सपना
‘भक्तिद्वार’ के संस्थापक दिनेश असोपा के लिए यह लॉन्च खास मायने रखता है. उन्होंने बताया कि इस डिजिटल प्लेटफॉर्म की परिकल्पना और निर्माण पर वह करीब 10 वर्षों से काम कर रहे थे. उनका उद्देश्य केवल एक और ओटीटी प्लेटफॉर्म तैयार करना नहीं, बल्कि ऐसा डिजिटल माध्यम बनाना था जहां भक्ति, आध्यात्म और सनातन धर्म से जुड़ा कंटेंट एक ही जगह मिल सके.
भजन से लेकर लाइव धार्मिक आयोजनों तक मिलेगा कंटेंट
‘भक्तिद्वार टेलीविजन ऐप’ पर दर्शकों को धार्मिक सीरीज, भक्ति संगीत, मंत्र, चालीसा और आध्यात्मिक प्रवचन जैसे कार्यक्रम देखने को मिलेंगे. इसके अलावा एआई आधारित वीडियो, एनिमेशन कंटेंट और अलग-अलग धार्मिक आयोजनों के लाइव प्रसारण को भी प्लेटफॉर्म का हिस्सा बनाया गया है. मेकर्स का लक्ष्य आधुनिक तकनीक के जरिए भारतीय आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों को देश ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाना है.
सिर्फ ₹11 प्रति सप्ताह रखा गया सब्सक्रिप्शन
प्लेटफॉर्म को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए इसका सब्सक्रिप्शन शुल्क ₹11 प्रति सप्ताह रखा गया है. कम कीमत के जरिए ‘भक्तिद्वार’ को आम दर्शकों के लिए सुलभ बनाने की कोशिश की गई है.
अनूप जलोटा ने की पहल की तारीफ
लॉन्च के मौके पर अनूप जलोटा ने ‘भक्तिद्वार’ की सराहना करते हुए इसे भक्ति, आनंद और शांति से जोड़ने वाला मंच बताया. उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग तनाव और मानसिक दबाव से गुजरते हैं, ऐसे में भजन, भगवान का स्मरण और आध्यात्मिक कंटेंट मन को सुकून देने में मदद कर सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि युवा पीढ़ी के बीच भी भक्ति संगीत और आध्यात्मिक कंटेंट की लोकप्रियता बढ़ रही है.
संदीप मोहन और संजय स्वराज भी रहे मौजूद
लॉन्च समारोह में फिल्म और टेलीविजन कलाकार संदीप मोहन और संजय स्वराज भी शामिल हुए. दोनों कलाकारों ने ‘भक्तिद्वार’ के लिए तैयार किए गए विशेष कार्यक्रमों में काम किया है. समारोह में अतिथियों और सहयोगियों को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया.
खास सीरीज पर भी चल रहा काम
‘भक्तिद्वार’ के लिए तैयार की गई कई विशेष सीरीज का निर्देशन फिल्ममेकर जयदेव चक्रवर्ती ने किया है. इन कार्यक्रमों में आध्यात्मिक विषयों को आधुनिक अंदाज में पेश करने की कोशिश की गई है, ताकि पारंपरिक भक्ति भावना के साथ डिजिटल दर्शकों की पसंद का भी ध्यान रखा जा सके.
परिवार और करीबियों ने बढ़ाया हौसला
लॉन्च कार्यक्रम में दिनेश असोपा के परिवार और करीबी मित्र भी मौजूद रहे. उनके पिता जुगल किशोर असोपा, बेटियां दिव्या असोपा और निकिता असोपा तथा साले जयेश मिश्रा ने समारोह में हिस्सा लिया. परिवार और दोस्तों ने इस प्रोजेक्ट के पीछे दिनेश असोपा की लंबे समय की मेहनत और सपने के साकार होने पर उन्हें बधाई दी.
भक्ति के साथ सकारात्मकता पर फोकस
कार्यक्रम का संचालन देहरादून दूरदर्शन से जुड़ी एंकर भावना शर्मा ने किया. वहीं संदीप मोहन और संजय स्वराज ने भी आज की तेज रफ्तार जिंदगी में सकारात्मक और आध्यात्मिक कंटेंट की जरूरत पर जोर दिया. ‘भक्तिद्वार’ इसी सोच के साथ भक्ति, संस्कृति और आध्यात्मिकता को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एक साथ लाने की कोशिश कर रहा है.
ये भी पढ़ें- OTT पर साउथ का धमाका! ‘इरुमुडी’ से ‘राम एंड लीला’ तक... 7 नई फिल्में होंगी रिलीज