'द प्लेज' से लेकर 'ब्रिक' तक, सस्पेंस थ्रिलर फिल्मों के शौकीन हैं, तो बिल्कुल मिस न करें ये 5 हॉलीवुड मूवीज

अगर आप सस्पेंस और थ्रिलर मूवीज के शौकीन हैं, तो हॉलीवुड की कुछ फिल्में ऐसी भी हैं, जिनकी रिलीज़ के समय ज्यादा चर्चा नहीं हुई, लेकिन आज भी उनकी कहानी और स्क्रीनप्ले उत्कृष्ट माने जाते हैं.

best 5 hollywood mystery films brick parallax view pledge The Long Goodbye
Image Source: Social Media

अगर आप सस्पेंस और थ्रिलर मूवीज के शौकीन हैं, तो हॉलीवुड की कुछ फिल्में ऐसी भी हैं, जिनकी रिलीज़ के समय ज्यादा चर्चा नहीं हुई, लेकिन आज भी उनकी कहानी और स्क्रीनप्ले उत्कृष्ट माने जाते हैं. इन फिल्मों का सस्पेंस शुरुआत से अंत तक दर्शकों को बांधे रखता है और हर मोड़ पर नया ट्विस्ट देखने को मिलता है. आइए जानते हैं पांच ऐसी फिल्में जिन्हें हर थ्रिलर प्रेमी को एक बार जरूर देखना चाहिए.

'द लॉन्ग गुडबाय' 

1973 में रिलीज़ हुई फिल्म 'द लॉन्ग गुडबाय' में एलियट गोल्ड ने डिटेक्टिव फिलिप मार्लो का किरदार निभाया है. कहानी एक प्राइवेट जासूस के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने दोस्त की हत्या की जांच करता है और इसी दौरान एक लापता व्यक्ति के केस से जुड़ जाता है. जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती है, दोनों मामलों के बीच कनेक्शन खुलते हैं और कई चौंकाने वाले रहस्य सामने आते हैं. इस क्लासिक मर्डर मिस्ट्री को आप अमेज़न प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं.

'बैड डे एट ब्लैक रॉक' 

'बैड डे एट ब्लैक रॉक' 1955 की फिल्म है, जो दूसरे विश्व युद्ध के कुछ साल बाद की कहानी पेश करती है. जॉन जे. मैक्रीडी ब्लैक रॉक गांव में एक आदमी की तलाश में आता है, लेकिन गांव वाले उसके सवालों से खफा हो जाते हैं और धीरे-धीरे उसके खिलाफ माहौल बनता है. जांच के दौरान गांव के गहरे राज सामने आते हैं. यह फिल्म भी अमेज़न प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है.

'द प्लेज'

2001 में रिलीज़ हुई 'द प्लेज' में जैक निकोलसन डिटेक्टिव जेरी ब्लैक के किरदार में नजर आए. रिटायरमेंट के दिन उन्हें एक बच्ची की मां से उसके कातिल को ढूंढने का वादा मिलता है. पुलिस केस बंद कर देती है, लेकिन जेरी ब्लैक अपनी जांच जारी रखते हैं. फिल्म का सस्पेंस और क्लाइमैक्स दर्शकों को अंत तक बांधे रखता है. इसे आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं.

'द पैरालैक्स व्यू' 

1974 की 'द पैरालैक्स व्यू' की शुरुआत एक असफल हत्या की कोशिश से होती है. तीन साल बाद एक पत्रकार इस मामले की तहकीकात में जुटता है और जल्द ही खुद को एक बड़ी साजिश में फंसा पाता है. फिल्म में जबरदस्त सस्पेंस और थ्रिल हैं, जो हर सीन में दर्शकों को उलझाए रखते हैं. यह फिल्म भी अमेज़न प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है.

'ब्रिक' 

2005 की 'ब्रिक' की कहानी हाई स्कूल स्टूडेंट ब्रेंडन फ्राय के इर्द-गिर्द घूमती है. अपनी एक्स-गर्लफ्रेंड से मिले रहस्यमयी संकेतों का पीछा करते हुए ब्रेंडन खुद एक क्राइम सीन तक पहुंचता है और जांच शुरू कर देता है. धीरे-धीरे वह अपने शहर की अपराध की दुनिया में फंस जाता है और एक बड़े ड्रग रैकेट का सामना करता है. फिल्म में सस्पेंस और थ्रिल का शानदार मिश्रण है. इसे नेटफ्लिक्स पर देखा जा सकता है.

ये भी पढ़ें: South OTT Releases: रोमांटिक ड्रामा से लेकर थ्रिलर तक... ओटीटी पर रिलीज हो गईं साउथ की ये धांसू मूवीज