Bangladesh Election Result: बांग्लादेश में हुए 13वें आम चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने बड़ी जीत दर्ज की है. पार्टी ने 300 सीटों वाली संसद में 151 सीटें जीतकर बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है. इसके साथ ही BNP करीब दो दशक बाद सत्ता में वापसी की ओर बढ़ रही है.
चुनाव नतीजों के शुरुआती रुझानों के मुताबिक, इस्लामिक पार्टी जमात-ए-इस्लामी मुख्य विपक्ष के रूप में उभर रही है. जमात ने अब तक 43 सीटों पर जीत हासिल की है. यह चुनाव जुलाई 2024 में हुए छात्र आंदोलन के बाद देश का पहला राष्ट्रीय चुनाव था. पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग पर प्रतिबंध होने के कारण वह चुनाव में हिस्सा नहीं ले सकी.
तारिक रहमान के प्रधानमंत्री बनने का रास्ता साफ
BNP के प्रमुख तारिक रहमान ने ढाका-17 और बोगरा-6 सीटों से जीत दर्ज की है. पार्टी के बहुमत में पहुंचने के बाद उनके प्रधानमंत्री बनने की संभावना मजबूत मानी जा रही है. मतदान के बाद तारिक रहमान ने कहा कि अगर उन्हें सरकार बनाने का मौका मिलता है, तो देश में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी.
वहीं, BNP के महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने ठाकुरगांव-1 सीट से जीत हासिल की है.
शांतिपूर्ण मतदान, दो बैलेट पेपर का इस्तेमाल
चुनाव के लिए गुरुवार सुबह 7:30 बजे मतदान शुरू हुआ और करीब 9 घंटे तक चला. मतदाताओं ने दो बैलेट पेपर का इस्तेमाल किया, एक संसद के चुनाव के लिए और दूसरा जनमत संग्रह के लिए. देश के 300 में से 299 क्षेत्रों में वोटिंग हुई. शेरपुर-3 सीट पर एक उम्मीदवार की मौत के कारण वहां मतदान टाल दिया गया.
करीब 20 साल बाद BNP की मजबूत वापसी
BNP पिछले लगभग दो दशकों से सत्ता से बाहर थी, लेकिन इस बार पार्टी ने जोरदार वापसी की है. अनौपचारिक नतीजों और पार्टी के आंतरिक आंकड़ों के मुताबिक, BNP और उसके सहयोगी दल करीब 170 सीटों पर बढ़त बनाए हुए थे. पार्टी नेताओं का कहना है कि अंतिम नतीजों में उन्हें दो-तिहाई से ज्यादा बहुमत भी मिल सकता है.