Friday OTT Release: स्वतंत्रता दिवस का वीकेंड इस बार सिनेमा प्रेमियों के लिए खास रहने वाला है. 15 अगस्त के मौके पर अगर आप थिएटर जाने के बजाय घर पर परिवार के साथ फिल्म देखने का प्लान बना रहे हैं, तो ओटीटी पर कई नई फिल्में दस्तक देने वाली हैं. हिंदी के साथ-साथ दक्षिण भारतीय सिनेमा की फिल्मों की भी इस सप्ताह ओटीटी पर एंट्री हो रही है. इनमें शाहिद कपूर की ‘कॉकटेल 2’ से लेकर कंगना रनौत की ‘भारत भाग्य विधाता’ तक कई चर्चित फिल्में शामिल हैं. आइए जानते हैं इस वीकेंड कौन-कौन सी फिल्में घर बैठे देखी जा सकती हैं.
कॉकटेल 2
शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर ‘कॉकटेल 2’ सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद अब ओटीटी पर आने वाली है. होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया था. सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने भारत में 95.45 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जबकि इसका वर्ल्डवाइड कारोबार 147.68 करोड़ रुपये रहा. 19 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई यह फिल्म 14 अगस्त से नेटफ्लिक्स पर देखी जा सकेगी.
भारत भाग्य विधाता
कंगना रनौत की ‘भारत भाग्य विधाता’ को लेकर रिलीज से पहले दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता थी, लेकिन सिनेमाघरों में फिल्म को उम्मीद के मुताबिक प्रतिक्रिया नहीं मिली. अब फिल्म ओटीटी के जरिए दर्शकों तक पहुंचने जा रही है. कंगना रनौत स्टारर यह फिल्म 14 अगस्त 2026 से जी5 पर स्ट्रीम होगी. ऐसे में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कंगना के फैंस इस फिल्म को घर बैठे देख सकते हैं.
आखिरी सवाल
संजय दत्त की फिल्म ‘आखिरी सवाल’ भी इस वीकेंड ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है. सिनेमाघरों में खास प्रदर्शन नहीं कर पाने के बाद अब मेकर्स इसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लेकर आ रहे हैं. फिल्म की कहानी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और बाबरी मस्जिद विध्वंस से जुड़े घटनाक्रम को दिखाया गया है. इसमें नमाशी चक्रवर्ती भी अहम भूमिका में नजर आएंगे. फिल्म 14 अगस्त को लायंसगेट प्ले पर स्ट्रीम होगी.
मिस्टर वर्क फ्रॉम होम और आरूपी
दक्षिण भारतीय फिल्मों के दर्शकों के लिए भी इस सप्ताह ओटीटी पर दो दिलचस्प विकल्प मौजूद हैं. तेलुगु फिल्म ‘मिस्टर वर्क फ्रॉम होम’ में अरविंद नाम के एक आधुनिक कॉर्पोरेट प्रोफेशनल की कहानी दिखाई गई है, जो मानता है कि घर से काम करना ही सफलता का सबसे बड़ा रास्ता है. यह रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा फिल्म 14 अगस्त को सनएनएक्सटी पर उपलब्ध होगी. वहीं, मलयालम सुपरनैचुरल हॉरर थ्रिलर ‘आरूपी’ भी इसी दिन प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी. अभिलाष वारियर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में एक बदला लेने वाली यक्षिणी की कहानी देखने को मिलेगी.
ये भी पढ़ें: Prahaar Vs Raftaar: राजकुमार राव का खुद से होगा मुकाबला! एक ही दिन रिलीज होंगी 2 फिल्में, जानें डेट