Prahaar Vs Raftaar: अभिनेता राजकुमार राव के फैंस के लिए एक दिलचस्प खबर सामने आई है. उनकी दो फिल्में एक ही दिन सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली हैं. राजकुमार राव की फिल्म ‘प्रहार: द उज्ज्वल निकम स्टोरी’ की रिलीज डेट बदलकर अब 16 अक्टूबर 2026 कर दी गई है. इसी दिन उनकी दूसरी फिल्म ‘रफ्तार’ भी रिलीज होने वाली है.
अगर दोनों फिल्मों की रिलीज डेट में कोई बदलाव नहीं होता है तो बॉक्स ऑफिस पर राजकुमार राव की दोनों फिल्मों का आमना-सामना होगा. आमतौर पर दो अलग-अलग सितारों की फिल्मों के बीच टक्कर देखने को मिलती है, लेकिन इस बार राजकुमार राव का मुकाबला किसी दूसरे अभिनेता से नहीं, बल्कि अपनी ही फिल्म से होगा.
पहले 7 अगस्त को आने वाली थी ‘प्रहार’
राजकुमार राव की फिल्म ‘प्रहार: द उज्ज्वल निकम स्टोरी’ पहले 7 अगस्त 2026 को रिलीज होने वाली थी. हालांकि, बाद में मेकर्स ने फिल्म की रिलीज को आगे बढ़ा दिया.
अब फिल्म को 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में लाने का फैसला किया गया है. फिल्म की नई रिलीज डेट सामने आते ही एक नई स्थिति पैदा हो गई, क्योंकि इसी दिन राजकुमार राव की ‘रफ्तार’ की रिलीज भी पहले से तय है.
‘रफ्तार’ की रिलीज भी पहले बदली थी
राजकुमार राव और कीर्ति सुरेश की फिल्म ‘रफ्तार’ का ऐलान काफी पहले किया गया था. शुरुआत में यह फिल्म 24 जुलाई को रिलीज होने वाली थी.
बाद में राजकुमार राव ने सोशल मीडिया पर बताया था कि फिल्म अब 16 अक्टूबर को रिलीज होगी. फिल्म का निर्देशन आदित्य निंबलकर ने किया है. इसे राजकुमार राव की पत्नी और अभिनेत्री-निर्माता पत्रलेखा ने बनाया है.
अब किस फिल्म की रिलीज टलेगी?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि 16 अक्टूबर को राजकुमार राव की कौन सी फिल्म सिनेमाघरों में आएगी और किसकी रिलीज आगे बढ़ाई जाएगी.
‘रफ्तार’ की 16 अक्टूबर वाली रिलीज डेट का ऐलान पहले ही हो चुका था, जबकि ‘प्रहार’ की नई रिलीज डेट अब सामने आई है. इसलिए माना जा रहा है कि दोनों फिल्मों में से किसी एक की रिलीज डेट में एक बार फिर बदलाव हो सकता है.
हालांकि, अभी तक मेकर्स की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि राजकुमार राव की दोनों फिल्मों में से कौन सी फिल्म 16 अक्टूबर को रिलीज होती है और किसे आगे की तारीख मिलती है.
ये भी पढ़ें- जिस विमान पर होने वाला था हमला, उसमें क्यों बैठे मार्को रुबियो? जानें क्या था ट्रंप को बचाने का प्लान