Donald Trump On Hormuz: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि ईरान को छोड़कर बाकी सभी देशों के जहाजों के लिए यह समुद्री रास्ता खुला रहेगा. वहीं ईरान से जुड़े जहाजों और कार्गो पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. ट्रंप का कहना है कि ईरान की मौजूदा नेतृत्व व्यवस्था गलत नीतियों पर चल रही है और इसी वजह से देश मुश्किल हालात में पहुंच गया है.
ईरानी जहाजों पर सख्ती की बात
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट में उन जहाजों पर सख्त नजर रखेगा जो ईरानी बंदरगाहों से आते-जाते हैं या ईरान से जुड़ा सामान लेकर चलते हैं. उनके अनुसार, बाकी देशों के जहाजों के लिए समुद्री रास्ता खुला रहेगा.
अमेरिकी सेना की तारीफ
सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में ट्रंप ने अमेरिकी सेना की तारीफ करते हुए कहा कि उसकी वजह से तेल की सप्लाई पहले से बेहतर बनी हुई है. उन्होंने अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन डैन केन और सेंट्रल कमांड के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर की भी सराहना की.
20% फीस की जगह निवेश का प्रस्ताव
ट्रंप ने कहा कि पहले जिस 20 प्रतिशत अमेरिकी फीस की बात की गई थी, उसकी जगह अब खाड़ी देशों के साथ व्यापार और निवेश समझौतों पर जोर दिया जाएगा. उनका कहना है कि इन समझौतों से अमेरिका में नए कारखाने लगेंगे, बड़े निवेश आएंगे और लाखों लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे.
परमाणु हथियारों पर फिर दोहराया रुख
ट्रंप ने अपने बयान में एक बार फिर कहा कि अमेरिका किसी भी हाल में ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा. उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका अपने हितों और क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर पहले की तरह सख्त रुख बनाए रखेगा.
पहले क्या कहा था?
इससे पहले ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में कहा था कि अमेरिका खुद को "होर्मुज स्ट्रेट का संरक्षक" मानता है. उन्होंने यह भी कहा था कि इस समुद्री रास्ते से गुजरने वाले कार्गो जहाजों से 20 प्रतिशत शुल्क लिया जाएगा, ताकि इस क्षेत्र की सुरक्षा पर होने वाला खर्च पूरा किया जा सके.
ये भी पढ़ें- अगर हमला हुआ तो इजरायल और ज्यादा... नेतन्याहू ने ईरान को दी दो टूक चेतावनी, जानें क्या कहा