अगर हमला हुआ तो इजरायल और ज्यादा... नेतन्याहू ने ईरान को दी दो टूक चेतावनी, जानें क्या कहा

Iran US War: मध्य पूर्व में एक बार फिर हालात बेहद तनावपूर्ण होते जा रहे हैं. ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य टकराव के बीच अब इजरायल ने भी तेहरान को खुली चेतावनी दी है.

netanyahu-warns-iran-israel-middle-east-tensions-escalate-2026
Image Source: Social Media

Iran US War: मध्य पूर्व में एक बार फिर हालात बेहद तनावपूर्ण होते जा रहे हैं. ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य टकराव के बीच अब इजरायल ने भी तेहरान को खुली चेतावनी दी है. इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने साफ शब्दों में कहा है कि यदि ईरान ने इजरायल पर हमला किया, तो उसे पहले से कहीं ज्यादा कड़ा जवाब मिलेगा. वहीं दूसरी ओर, क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच रोम में इजरायल और लेबनान के बीच बातचीत का नया दौर भी शुरू हुआ है. इस बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में हुए हमलों और ईरान की ताजा चेतावनियों ने पूरे क्षेत्र की चिंता और बढ़ा दी है.

शांति की उम्मीद न रखे ईरान: नेतन्याहू

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरानी नेताओं के लिए जारी एक वीडियो संदेश में सख्त लहजे में कहा, "मैं ईरान के नेताओं से कहना चाहता हूं कि अगर आप हम पर हमला करेंगे तो ये उम्मीद न रखें कि सब कुछ शांत रहेगा. वो दिन बीत गए जब कोई हम पर हमला करता था और हम पलटवार नहीं करते थे." नेतन्याहू के इस बयान को ऐसे समय में बेहद अहम माना जा रहा है, जब क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं और ईरान तथा अमेरिका के बीच तनाव कम होने के बजाय और गहराता दिखाई दे रहा है.

रोम में इजरायल-लेबनान के बीच बातचीत

तनावपूर्ण माहौल के बीच रोम में इजरायल और लेबनान के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता का नया दौर भी शुरू हुआ है. इसी दौरान इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने कहा कि उनका देश लेबनान में पायलट जोन लागू करने के लिए तैयार है. समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, गिदोन सार ने कहा, "मुझे उम्मीद है और मेरा मानना है कि रोम में होने वाली चर्चाओं का यह दौर इसे बढ़ावा देगा." हालांकि, पिछले महीने हुए समझौते के बावजूद इजरायली सेना दक्षिणी लेबनान में अपने सैन्य अभियान जारी रखे हुए है.

खाड़ी देशों में फिर सक्रिय हुए एयर डिफेंस सिस्टम

ईरान द्वारा खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए हमलों के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है. बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, संयुक्त अरब अमीरात और जॉर्डन ने इस सप्ताह अपने एयर डिफेंस सिस्टम को दोबारा सक्रिय कर दिया है. विशेषज्ञों का मानना है कि क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव को देखते हुए खाड़ी देशों ने एहतियाती कदम उठाए हैं, ताकि किसी भी संभावित हमले का तुरंत जवाब दिया जा सके.

होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ा तनाव, भारत ने जताई नाराजगी

अमेरिका की ओर से ईरान पर किए गए हमले के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तनाव लगातार बना हुआ है. मंगलवार को ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में क्रूज मिसाइलों से संयुक्त अरब अमीरात के दो टैंकरों को निशाना बनाया. इस हमले में भारतीय चालक दल के एक सदस्य की मौत हो गई. इस घटना के बाद भारत सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए विदेश मंत्रालय में ईरान के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन (DCM) मोहम्मद जवाद होसैनी समेत ईरानी राजनयिकों को तलब किया.

ईरान ने अमेरिका को दी नई चेतावनी

ईरानी समाचार एजेंसी आईआरएनए के अनुसार, दक्षिण-पश्चिमी ईरान के बुशहर, जहां महत्वपूर्ण परमाणु सुविधाएं मौजूद हैं, वहां चार स्थानों पर विस्फोटों की आवाज सुनी गई. इसके अलावा दक्षिणी शहर बंदर अब्बास के पास भी पांच धमाकों की सूचना मिली. इसी बीच ईरानी सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद अकरमिनिया ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज कभी भी जंग, अमेरिका की दादागिरी और सैन्य कार्रवाई से नहीं खुलेगा. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ईरानी सेना इस रणनीतिक क्षेत्र से पीछे हटने वाली नहीं है.

ये भी पढ़ें: कमाल है... पीएम मोदी का बिहार वाला तोहफा जीत ले गया दिल, ठेकुआ खाते ही खुश हुए स्लोवाक नेता, देखें VIDEO