India High-Altitude Airship: भारत अब अंतरिक्ष और वायुमंडल के बीच मौजूद उस ऊंचाई वाले क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी कर रहा है, जहां से दुश्मन की हर गतिविधि पर लंबे समय तक नजर रखी जा सके. देश ने स्वदेशी हाई एल्टीट्यूड एयरशिप विकसित करने की एक महत्वाकांक्षी योजना शुरू की है, जो 20 किलोमीटर से अधिक ऊंचाई पर उड़ान भरने में सक्षम होगी. यह परियोजना भारत की रक्षा क्षमताओं को नई दिशा देने के साथ-साथ सीमा निगरानी, खुफिया जानकारी जुटाने और सुरक्षित संचार नेटवर्क को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकती है.
करीब 15,000 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना को भारतीय वायुसेना के डायरेक्टरेट ऑफ ऑपरेशंस (रिमोट) की निगरानी में आगे बढ़ाया जा रहा है. इसे रक्षा मंत्रालय की ‘मेक-I’ श्रेणी के तहत विकसित किया जाएगा, जिसमें सरकार स्वदेशी तकनीक को बढ़ावा देने के लिए रिसर्च और डेवलपमेंट खर्च का बड़ा हिस्सा वहन करेगी.
इस नाम से विकसित होगा भारत का हाईटेक एयरशिप
इस अत्याधुनिक प्रणाली को एयरशिप-बेस्ड हाई एल्टीट्यूड प्सूडो सैटेलाइट (AS-HAPS) नाम दिया गया है. इसका डिजाइन इस तरह तैयार किया जा रहा है कि यह धरती से करीब 20 किलोमीटर से अधिक ऊंचाई पर कई महीनों तक लगातार मौजूद रह सके. इस एयरशिप में अत्याधुनिक रडार सिस्टम, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे और इलेक्ट्रॉनिक इंटेलिजेंस उपकरण लगाए जाएंगे. इन सेंसरों की मदद से यह दुश्मन की गतिविधियों, सीमा क्षेत्रों में होने वाली हलचल और रणनीतिक इलाकों की लगातार निगरानी करने में सक्षम होगा.
सामान्य सैटेलाइट की तुलना में यह प्रणाली कम ऊंचाई पर रहकर ज्यादा तेज और सटीक निगरानी उपलब्ध करा सकती है, जबकि लंबे समय तक एक ही क्षेत्र में तैनात रहने की क्षमता इसे सैन्य अभियानों के लिए बेहद उपयोगी बनाएगी.
ड्रोन और सैटेलाइट के बीच की कमी को करेगा पूरा
हाई एल्टीट्यूड एयरशिप को भविष्य की निगरानी प्रणाली के तौर पर देखा जा रहा है, जो ड्रोन और सैटेलाइट के बीच मौजूद तकनीकी अंतर को भरने का काम करेगा. मौजूदा समय में सैन्य ड्रोन आमतौर पर लगभग 12 किलोमीटर तक की ऊंचाई पर उड़ान भरते हैं, जबकि लो-अर्थ ऑर्बिट सैटेलाइट 500 से 2,000 किलोमीटर तक की ऊंचाई पर पृथ्वी की परिक्रमा करते हैं. ऐसे में 20 किलोमीटर से ज्यादा ऊंचाई पर तैनात एयरशिप लंबे समय तक एक क्षेत्र की निगरानी करने का एक नया विकल्प देगा.
इसके अलावा यह सिस्टम जमीन पर मौजूद सैन्य नेटवर्क और अंतरिक्ष आधारित संचार प्रणालियों के बीच डेटा ट्रांसफर को भी आसान बना सकता है. इससे युद्ध और आपात स्थिति के दौरान रियल टाइम जानकारी हासिल करने की क्षमता बढ़ेगी.
निजी कंपनियों को मिलेगी विकास की जिम्मेदारी
रक्षा मंत्रालय इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए कम से कम दो निजी कंपनियों का चयन करने की तैयारी में है. कंपनियों का चयन उनकी तकनीकी विशेषज्ञता, रिसर्च क्षमता और वित्तीय मजबूती के आधार पर किया जाएगा.
मेक-I योजना के तहत सरकार निजी क्षेत्र को रक्षा तकनीक विकसित करने में सहयोग देगी. इस मॉडल का उद्देश्य भारत में अत्याधुनिक रक्षा उपकरणों का घरेलू निर्माण बढ़ाना और विदेशी तकनीक पर निर्भरता कम करना है. भारत इससे पहले भी इस दिशा में कदम बढ़ा चुका है. मई 2025 में मध्य प्रदेश में DRDO के सहयोग से करीब 17 किलोमीटर की ऊंचाई पर एयरशिप का सफल परीक्षण किया गया था. इस परीक्षण ने देश की हाई एल्टीट्यूड प्लेटफॉर्म तकनीक की क्षमता को साबित किया था.
चीन समेत सीमावर्ती इलाकों पर बढ़ेगी नजर
सामरिक विशेषज्ञों के मुताबिक, AS-HAPS परियोजना भारत की सुरक्षा रणनीति में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकती है. खासतौर पर चीन से लगी लंबी सीमा पर लगातार निगरानी रखने के लिए यह तकनीक बेहद उपयोगी साबित हो सकती है. चीन पहले से ही हाई एल्टीट्यूड बैलून और एयरशिप तकनीक पर काम कर रहा है. पिछले कुछ वर्षों में चीन के निगरानी बैलून कई देशों के हवाई क्षेत्र में देखे गए हैं, जिसके बाद दुनिया भर में इस तकनीक को लेकर चर्चा बढ़ी है. ऐसे समय में भारत का अपना हाई एल्टीट्यूड एयरशिप विकसित करना न केवल रक्षा तैयारियों को मजबूत करेगा, बल्कि रणनीतिक क्षेत्रों में देश की निगरानी क्षमता को भी कई गुना बढ़ा सकता है.
भविष्य की सुरक्षा जरूरतों के लिए अहम कदम
AS-HAPS परियोजना को केवल एक निगरानी प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि भविष्य की नेटवर्क-केंद्रित युद्ध प्रणाली का हिस्सा माना जा रहा है. आने वाले समय में जहां सूचना और रियल टाइम डेटा किसी भी सैन्य अभियान की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे, वहां ऐसी तकनीक भारत को रणनीतिक बढ़त दिला सकती है.
स्वदेशी हाई एल्टीट्यूड एयरशिप के जरिए भारत अंतरिक्ष और वायुमंडल के बीच एक नई सुरक्षा परत तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. यह परियोजना आत्मनिर्भर भारत अभियान और रक्षा क्षेत्र में अत्याधुनिक तकनीक विकसित करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है.
ये भी पढ़ें: फ्रिज खोला तो उड़ गए होश! अंदर दिखी शिवलिंग जैसी आकृति, दर्शन के लिए लगी श्रद्धालुओं की कतार, देखें VIDEO