जिस 'गंदे हथियार' को पाकिस्तान ने बनाया ताकत, अब उसी से हो रहा लहूलुहान, 2026 में 1600 सैनिकों की मौत

Pakistan Terrorism: पाकिस्तान में आतंकवादी और उग्रवादी घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 1 जनवरी से 1 अगस्त 2026 के बीच देश में आतंकवाद और उग्रवाद से जुड़ी 974 से ज्यादा घटनाएं सामने आईं.

Alarm rising terror in Pakistan 1600 security personnel estimated died in 2026
Image Source: Social Media

Pakistan Terrorism: पाकिस्तान में आतंकवादी और उग्रवादी घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 1 जनवरी से 1 अगस्त 2026 के बीच देश में आतंकवाद और उग्रवाद से जुड़ी 974 से ज्यादा घटनाएं सामने आईं. अगस्त में करीब 190 हमले हुए, जबकि सितंबर के शुरुआती पांच दिनों में भी करीब 15 हमलों की जानकारी सामने आई है.

आतंकी हिंसा का असर आम लोगों पर भी पड़ा है. 1 जनवरी से 31 अगस्त 2026 तक पाकिस्तान में आतंकवादी और दूसरी हिंसक घटनाओं में 640 से ज्यादा नागरिकों की मौत हुई. इसमें पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर यानी पीओके में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की कार्रवाई में मारे गए लोग भी शामिल हैं.

सुरक्षाबलों को भी भारी नुकसान

पाकिस्तान में जारी आतंकी हिंसा के दौरान सुरक्षा बलों को भी लगातार नुकसान उठाना पड़ रहा है. आंकड़ों के अनुसार, 1 जनवरी से 4 सितंबर 2026 तक 964 से ज्यादा पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे जा चुके हैं.

इनमें 3 सितंबर को बलूचिस्तान के जियारत इलाके में मारे गए फ्रंटियर कॉर्प्स यानी एफसी के 17 जवान भी शामिल हैं. वहीं, सिर्फ अगस्त 2026 में करीब 144 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों के मारे जाने का अनुमान लगाया गया है.

साल के अंत तक 1600 से 1700 मौतों का अनुमान

मौजूदा हालात को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि अगर पाकिस्तान में आतंकी हिंसा इसी रफ्तार से जारी रही, तो दिसंबर 2026 तक सैन्य और सुरक्षा बलों के 1600 से 1700 कर्मियों की मौत हो सकती है. पाकिस्तान के लिए यह सुरक्षा के मोर्चे पर बड़ी चुनौती बन गई है. 

खासकर बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में सुरक्षा बल लगातार आतंकवादी और उग्रवादी संगठनों के निशाने पर हैं. 2025 में पाकिस्तान के सुरक्षा प्रतिष्ठान के करीब 1,317 कर्मियों के मारे जाने का अनुमान था. इसे 1971 के बाद सबसे खूनी वर्षों में से एक बताया गया था. 2026 के अब तक के आंकड़े भी बताते हैं कि पाकिस्तान में आतंकवाद का खतरा लगातार गंभीर बना हुआ है.

पाकिस्तान ने चलाया बड़ा ऑपरेशन

शुक्रवार को बलूचिस्तान के कलात जिले में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने एक अभियान चलाया. सेना के मुताबिक, इस कार्रवाई में बलूच विद्रोही गुटों से जुड़े 12 उग्रवादी मारे गए. वहीं, भाग शहर में पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने एक सशस्त्र हमले को नाकाम कर दिया. 

इस दौरान पांच लोग घायल हुए. सुरक्षा बलों के मुताबिक, खुफिया जानकारी मिलने के बाद उग्रवादियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी. बताया गया कि भाग में उग्रवादियों ने पुलिस स्टेशन, असिस्टेंट कमिश्नर के कार्यालय और एक बैंक को निशाना बनाने की कोशिश की थी.

ये भी पढ़ें- चीन ने बना लिया अपना 'ब्रह्मास्त्र'! स्टील्थ बॉम्बर देख बढ़ी अमेरिका की टेंशन, भारत कैसे करेगा मुकाबला?