अफगानिस्तान के खिलाफ गरजा अभिषेक शर्मा का बल्ला, पहले टी20 में 3 बड़े रिकॉर्ड किए ध्वस्त

टीम इंडिया ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में अफगानिस्तान को 7 विकेट से मात देकर शानदार शुरुआत की. 157 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 38 गेंद शेष रहते जीत हासिल कर ली. इस जीत के सबसे बड़े हीरो अभिषेक शर्मा रहे.

abhishek-sharma-breaks-three-records-against-afghanistan-t20
Image Source: ANI

टीम इंडिया ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में अफगानिस्तान को 7 विकेट से मात देकर शानदार शुरुआत की. 157 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 38 गेंद शेष रहते जीत हासिल कर ली. इस जीत के सबसे बड़े हीरो अभिषेक शर्मा रहे, जिन्होंने महज 32 गेंदों में 82 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया.

अभिषेक का बल्ला गरजा

संजू सैमसन के जल्दी पवेलियन लौटने के बाद अभिषेक शर्मा ने ईशान किशन के साथ मोर्चा संभाला. दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर 121 रनों की शानदार साझेदारी की. ईशान ने 42 रन बनाए, जबकि अभिषेक ने अपनी पारी में तूफानी अंदाज दिखाते हुए टी20 इंटरनेशनल करियर की 12वीं फिफ्टी पूरी की. उन्होंने सिर्फ 22 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया और अंत तक भारत की जीत की नींव मजबूत कर दी.

6000 टी20 रन पूरे करने में भारतीयों में सबसे आगे

अफगानिस्तान के खिलाफ अपनी पारी के दौरान अभिषेक शर्मा ने टी20 क्रिकेट में 6000 रन भी पूरे कर लिए. गेंदों के लिहाज से वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले दुनिया के दूसरे सबसे तेज बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने 3420 गेंदों में 6000 रन पूरे किए, जबकि फिन एलन ने 3386 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी. इस मामले में अभिषेक ने आंद्रे रसेल और भारतीय रिकॉर्ड धारक सूर्यकुमार यादव को पीछे छोड़ दिया है.

25 गेंद से कम में फिफ्टी का अनोखा रिकॉर्ड

अभिषेक शर्मा ने अपनी तेजतर्रार बल्लेबाजी से एक और खास रिकॉर्ड अपने नाम किया. टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने अब तक 14 बार 50 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं, जिसमें 12 बार उन्होंने 25 से कम गेंदों में अर्धशतक पूरा किया है. किसी अन्य बल्लेबाज ने इतनी बार 25 गेंद से कम में फिफ्टी नहीं लगाई है. इस सूची में सूर्यकुमार यादव 9 ऐसे अर्धशतकों के साथ उनके पीछे हैं.

2026 में फिफ्टी के मामले में भी टॉप पर

साल 2026 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अभिषेक शर्मा का बल्ला लगातार रन बरसा रहा है. फुल मेंबर देशों के बल्लेबाजों में अब तक सिर्फ अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने 6-6 अर्धशतक लगाए हैं. पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान 5 फिफ्टी के साथ उनके बाद हैं. अफगानिस्तान के खिलाफ धमाकेदार पारी के बाद अभिषेक ने एक ही मैच में कई रिकॉर्ड अपने नाम कर अपनी शानदार फॉर्म का एक और सबूत दे दिया है.

ये भी पढ़ें: Asia Cup W: पाकिस्तान की फिर हुई किरकिरी! नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से भारत ने फिर किया इनकार