8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) को लेकर केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारी लगातार अपडेट का इंतजार कर रहे हैं. सबसे बड़ा सवाल यही है कि नया वेतन आयोग लागू होने के बाद सैलरी कितनी बढ़ेगी और एरियर कितना मिलेगा. हालांकि अभी आयोग की अंतिम रिपोर्ट आना बाकी है, लेकिन अलग-अलग विशेषज्ञों के अनुमान के आधार पर संभावित वेतन वृद्धि और एरियर को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
अगर 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होती हैं, तो कर्मचारियों को बढ़ी हुई सैलरी के साथ लाखों रुपये का एरियर भी मिल सकता है. हालांकि यह पूरी तरह इस बात पर निर्भर करेगा कि सरकार आयोग की सिफारिशें कब लागू करती है और फिटमेंट फैक्टर कितना तय करती है.
एरियर कितना मिलेगा, यह किन बातों पर निर्भर करेगा?
सरकारी कर्मचारियों को मिलने वाला एरियर दो अहम बातों पर निर्भर करेगा. पहली, नया वेतन आयोग किस तारीख से लागू किया जाता है और दूसरी, सरकार कौन-सा फिटमेंट फैक्टर मंजूर करती है.
फिटमेंट फैक्टर वही आधार होता है जिसके जरिए कर्मचारियों की बेसिक सैलरी बढ़ाई जाती है. अगर फिटमेंट फैक्टर ज्यादा होगा तो बेसिक सैलरी में बड़ी बढ़ोतरी होगी और उसी हिसाब से एरियर की रकम भी बढ़ जाएगी.
8वां वेतन आयोग कब लागू हो सकता है?
फिलहाल 8वें वेतन आयोग की ओर से अलग-अलग पक्षों से बातचीत की जा रही है. इसके बाद रिपोर्ट तैयार की जाएगी. कई विशेषज्ञों का मानना है कि आयोग अपनी रिपोर्ट मार्च 2027 तक सरकार को सौंप सकता है. यदि ऐसा होता है तो अप्रैल 2027 से कर्मचारियों को नई सैलरी मिलने की संभावना बन सकती है.
कुछ जानकारों का यह भी कहना है कि पूरी प्रक्रिया में अधिक समय लग सकता है और रिपोर्ट मई 2027 के बाद लागू हो सकती है. जरूरत पड़ने पर आयोग सरकार से समय बढ़ाने की मांग भी कर सकता है.
फिटमेंट फैक्टर को लेकर क्या है चर्चा?
8वें वेतन आयोग में सबसे ज्यादा चर्चा फिटमेंट फैक्टर को लेकर हो रही है. नेशनल काउंसिल-जॉइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (स्टाफ साइड) ने 3.83 फिटमेंट फैक्टर की सिफारिश की है.
हालांकि कई विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा आर्थिक स्थिति को देखते हुए इतना बड़ा फिटमेंट फैक्टर लागू होना आसान नहीं होगा. कुछ विशेषज्ञ 2.1 से 2.3 के बीच फिटमेंट फैक्टर को ज्यादा व्यावहारिक मान रहे हैं.
अगर 2.1 का फिटमेंट फैक्टर लागू होता है तो 18,000 रुपये बेसिक सैलरी पाने वाले कर्मचारी की बेसिक सैलरी बढ़कर लगभग 37,800 रुपये हो सकती है.
किन कर्मचारियों को मिलेगा फायदा?
7वें वेतन आयोग के पे मैट्रिक्स के अनुसार लेवल-1 से लेवल-5 तक आने वाले कर्मचारियों को इसका सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा.
इनमें मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS), ऑफिस अटेंडेंट, चपरासी, लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC), अपर डिवीजन क्लर्क (UDC), सीनियर क्लर्क, स्टेनोग्राफर, टेक्नीशियन, स्टाफ नर्स, हेड कांस्टेबल और शुरुआती स्तर के कई अन्य सरकारी कर्मचारी शामिल हैं.
कितना मिल सकता है एरियर?
विशेषज्ञों का अनुमान है कि यदि नया वेतन सितंबर 2027 से लागू होता है तो कर्मचारियों को करीब 20 महीने का एरियर मिल सकता है. एरियर की राशि फिटमेंट फैक्टर के अनुसार अलग-अलग होगी.
अगर 2.0 फिटमेंट फैक्टर लागू होता है तो लेवल-1 के कर्मचारी को करीब 3.60 लाख रुपये और लेवल-5 के कर्मचारी को लगभग 5.82 लाख रुपये तक एरियर मिल सकता है.
यदि 2.15 फिटमेंट फैक्टर लागू होता है तो यह राशि बढ़कर करीब 4.14 लाख रुपये से 6.69 लाख रुपये तक पहुंच सकती है.
अगर सरकार 2.28 फिटमेंट फैक्टर मंजूर करती है तो एरियर लगभग 4.60 लाख रुपये से 7.44 लाख रुपये तक हो सकता है.
वहीं, 2.57 फिटमेंट फैक्टर लागू होने की स्थिति में लेवल-1 कर्मचारी को करीब 5.65 लाख रुपये और लेवल-5 कर्मचारी को लगभग 9.13 लाख रुपये तक एरियर मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है.
सबसे ज्यादा चर्चा 2.86 फिटमेंट फैक्टर को लेकर हो रही है. अगर सरकार इसे मंजूरी देती है तो लेवल-1 कर्मचारी को करीब 6.69 लाख रुपये और लेवल-5 कर्मचारी को लगभग 10.82 लाख रुपये तक एरियर मिल सकता है.
अभी नहीं हुआ कोई अंतिम फैसला
फिलहाल यह सभी आंकड़े अलग-अलग विशेषज्ञों के अनुमान पर आधारित हैं. सरकार ने अभी तक 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट जारी नहीं की है और न ही फिटमेंट फैक्टर पर कोई अंतिम फैसला लिया गया है.
यानी कर्मचारियों की सैलरी कितनी बढ़ेगी और एरियर कितना मिलेगा, इसका सही जवाब तभी मिलेगा जब केंद्र सरकार 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट को मंजूरी देकर उसे आधिकारिक तौर पर लागू करेगी. तब तक कर्मचारियों को अंतिम घोषणा का इंतजार करना होगा.
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान ने आधी रात अफगानिस्तान में बिछाईं लाशें! बॉर्डर पर किए भीषण हमले, 29 लोगों की मौत