पाकिस्तान ने आधी रात अफगानिस्तान में बिछाईं लाशें! बॉर्डर पर किए भीषण हमले, 29 लोगों की मौत

पाकिस्तान ने एक बार फिर अफगानिस्तान सीमा के पास बड़ा सैन्य अभियान चलाने का दावा किया है. पाकिस्तान का कहना है कि उसकी सेना ने खुफिया जानकारी के आधार पर पहले जमीनी कार्रवाई की और फिर सीमा पार मौजूद आतंकी ठिकानों पर हवाई हमले किए.

Pakistan Carried Out Ground Operation Along Afghanistan Border Killing 29
Image Source: Social Media

इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने एक बार फिर अफगानिस्तान सीमा के पास बड़ा सैन्य अभियान चलाने का दावा किया है. पाकिस्तान का कहना है कि उसकी सेना ने खुफिया जानकारी के आधार पर पहले जमीनी कार्रवाई की और फिर सीमा पार मौजूद आतंकी ठिकानों पर हवाई हमले किए. पाकिस्तान के मुताबिक इस पूरे ऑपरेशन में 35 लोगों की मौत हुई है. यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब एक दिन पहले कराची में पाकिस्तान रेंजर्स के मुख्यालय पर बड़ा आतंकी हमला हुआ था.

पाकिस्तान ने क्या दावा किया?

पाकिस्तान सरकार का कहना है कि हाल के दिनों में देश में सुरक्षा बलों पर लगातार आतंकी हमले बढ़ रहे थे. इसी को देखते हुए सेना ने यह अभियान शुरू किया. पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने कहा कि देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

सरकार के मुताबिक सेना ने पहले खैबर पख्तूनख्वा के बाजौर इलाके में जमीनी ऑपरेशन चलाया. इसके बाद अफगानिस्तान सीमा के पास मौजूद कथित आतंकी ठिकानों पर हवाई हमले किए गए.

कराची हमले के बाद तेज हुई कार्रवाई

शनिवार रात कराची में पाकिस्तान रेंजर्स के क्षेत्रीय मुख्यालय पर हथियारबंद आतंकियों ने हमला किया था. इस हमले में तीन पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हो गई थी. जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने तीन हमलावरों को मार गिराया, जबकि एक घायल हमलावर को गिरफ्तार कर लिया.

पाकिस्तानी सेना का दावा है कि गिरफ्तार किया गया आरोपी अफगान नागरिक है. वहीं इस हमले की जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से जुड़े संगठन जमात-उल-अहरार ने ली थी. इसके बाद पाकिस्तान ने सीमा पार कार्रवाई तेज कर दी.

किन इलाकों को बनाया गया निशाना?

पाकिस्तान का दावा है कि सबसे पहले बाजौर जिले में एक अभियान चलाया गया, जिसमें 'खान फरोश' नाम के एक कथित कमांडर समेत चार लोगों के मारे जाने की बात कही गई है.

इसके बाद अफगानिस्तान के पक्तिया, पक्तिका और कुनार प्रांत में मौजूद कथित आतंकी ठिकानों पर हवाई हमले किए गए. पाकिस्तान का कहना है कि इन हमलों में कई ठिकाने नष्ट किए गए और बड़ी मात्रा में हथियार व गोला-बारूद भी तबाह किया गया.

दोनों के बीच क्यों बढ़ रहा है तनाव?

पिछले कुछ सालों से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के रिश्तों में लगातार तनाव देखने को मिल रहा है. पाकिस्तान का आरोप है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और उससे जुड़े संगठन अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल कर पाकिस्तान में हमले करते हैं.

दूसरी तरफ अफगानिस्तान की तालिबान सरकार इन आरोपों को लगातार खारिज करती रही है. उसका कहना है कि वह किसी भी देश के खिलाफ अपनी जमीन का इस्तेमाल नहीं होने देती.

पहले भी हो चुके हैं सीमा पार हमले

यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान ने अफगानिस्तान सीमा के भीतर सैन्य कार्रवाई की हो. इससे पहले भी कई बार पाकिस्तान सीमा पार हवाई हमले कर चुका है. इन हमलों को लेकर दोनों देशों के बीच कई बार तनाव बढ़ा है.

हालिया कार्रवाई के बाद एक बार फिर दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल अफगानिस्तान की ओर से इस नए सैन्य अभियान पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है.