July Rule Change: जून का महीना समाप्त होने वाला है और 1 जुलाई से कई ऐसे बदलाव लागू होने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ सकता है. आधार कार्ड अपडेट, रेलवे नियम, पासपोर्ट शुल्क, क्रेडिट कार्ड सुविधाएं, एलपीजी, आयकर रिटर्न और वाहन खरीदने तक से जुड़े कई नियम नए महीने में बदलने वाले हैं. ऐसे में इन बदलावों की जानकारी पहले से होना जरूरी है.
आधार कार्ड अपडेट करना होगा आसान
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) आधार कार्ड से जुड़ी सुविधाओं में बदलाव करने जा रहा है. 1 जुलाई से आधार ऐप के माध्यम से ईमेल आईडी अपडेट करने की सुविधा मुफ्त उपलब्ध होगी. अब तक इस सेवा के लिए 75 रुपये का शुल्क देना पड़ता था. इससे आधार धारकों को डिजिटल माध्यम से अपडेट करने में आसानी होगी.
रेलवे में बिना टिकट यात्रा पर सख्ती
भारतीय रेलवे यात्रियों के लिए नए नियम लागू करने की तैयारी में है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिना टिकट यात्रा करने वालों पर जुर्माने की राशि बढ़ाई जा सकती है. इसके अलावा रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में अनुशासन बनाए रखने के लिए भी कुछ नियमों को और सख्त किए जाने की संभावना है. प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद इसे लागू किया जा सकता है.
एलपीजी और पीएनजी से जुड़े नियमों में बदलाव
जिन उपभोक्ताओं के पास एलपीजी और पीएनजी दोनों कनेक्शन हैं, उनके लिए पीएनजी अपनाने की समय सीमा 30 जून तक तय की गई थी. यदि निर्धारित प्रक्रिया पूरी नहीं होती है तो संबंधित गैस कनेक्शन पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, गैस सप्लाई बंद करने को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में हालात सामान्य होने और पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कीमतों में कुछ राहत मिल सकती है.
आयकर रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तारीख
वित्त वर्ष 2025-26 के लिए ITR-1 और ITR-2 फॉर्म भरने वाले करदाताओं के लिए आयकर रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित है. समय सीमा के बाद रिटर्न दाखिल करने पर जुर्माना और अन्य कर संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है.
पासपोर्ट बनवाना होगा महंगा
1 जुलाई से पासपोर्ट बनवाने की लागत बढ़ सकती है. विदेश मंत्रालय ने सामान्य और तत्काल दोनों श्रेणियों के पासपोर्ट आवेदन पर सेवा शुल्क में वृद्धि का फैसला किया है. इसका असर देश और विदेश दोनों जगह से आवेदन करने वाले लोगों पर पड़ेगा.
क्रेडिट कार्ड धारकों के लिए नए नियम
जुलाई से कुछ बैंकों के क्रेडिट कार्ड नियमों में बदलाव होगा. SBI कार्ड के कुछ कार्डधारकों के लिए रिवॉर्ड प्वाइंट अर्जित करने की नई सीमा लागू होगी, जबकि कई प्रकार के ट्रांजैक्शन पर अब रिवॉर्ड प्वाइंट नहीं मिलेंगे. वहीं HDFC बैंक के क्रेडिट कार्ड उपयोगकर्ताओं को घरेलू एयरपोर्ट लाउंज की मुफ्त सुविधा तभी मिलेगी, जब उन्होंने पिछले कैलेंडर क्वार्टर में निर्धारित न्यूनतम खर्च की शर्त पूरी की होगी.
EPFO 3.0 से मिल सकती हैं नई सुविधाएं
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) का नया संस्करण EPFO 3.0 जल्द शुरू होने की संभावना है. इसके लागू होने के बाद निजी क्षेत्र के कर्मचारियों को UPI और एटीएम जैसे डिजिटल माध्यमों से पीएफ की राशि निकालने जैसी नई सुविधाएं मिल सकती हैं.
जुलाई से महंगी हो सकती हैं नई कारें
ऑटोमोबाइल कंपनियां भी जुलाई से कीमतों में बदलाव करने जा रही हैं. किआ मोटर्स ने अपनी कारों की कीमतों में लगभग 2 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का संकेत दिया है. वहीं टाटा मोटर्स भी अपने पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमतों में करीब 1.5 प्रतिशत तक इजाफा कर सकती है.
पहले से रखें तैयारी
जुलाई की शुरुआत के साथ लागू होने वाले ये बदलाव सीधे तौर पर लोगों के खर्च, यात्रा, बैंकिंग, टैक्स और निवेश संबंधी फैसलों को प्रभावित कर सकते हैं. ऐसे में नए नियमों की जानकारी पहले से रखना और जरूरी काम समय पर पूरा करना भविष्य की परेशानियों से बचा सकता है.
ये भी पढ़ें- Iran-US Conflict: अमेरिका के 8 सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमला; IRGC ने कहा- दिए करारे जवाब