अपने गिरेबान में झांको... कराची ब्लास्ट के बाद पाकिस्तान ने उगला जहर, तो भारत ने लगाई लताड़

India On Karachi Blast: भारत ने कराची में हुए आतंकी हमले को लेकर पाकिस्तान की ओर से लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. विदेश मंत्रालय ने साफ कहा कि पाकिस्तान के दावे पूरी तरह बेबुनियाद हैं.

Pakistan spewed venom after the Karachi blast and India hit back hard
Image Source: Social Media

India On Karachi Blast: भारत ने कराची में हुए आतंकी हमले को लेकर पाकिस्तान की ओर से लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. विदेश मंत्रालय ने साफ कहा कि पाकिस्तान के दावे पूरी तरह बेबुनियाद हैं. भारत ने पाकिस्तान को सलाह दी कि वह दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय अपने देश में मौजूद आतंकवादी ढांचे के खिलाफ कार्रवाई करे.

विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान को दिया जवाब

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि कराची हमले के लिए भारत को जिम्मेदार ठहराना गलत और निराधार है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को पहले अपने अंदर झांकना चाहिए और अपनी जमीन पर सक्रिय आतंकी संगठनों के खिलाफ ठोस कदम उठाने चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान को आतंकवाद को अपनी सरकारी नीति का हिस्सा बनाना बंद करना होगा.

पाकिस्तान ने भारत पर लगाया था आरोप

कराची में सिंध रेंजर्स के कैंप पर हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान सेना की मीडिया शाखा ISPR ने इस हमले के लिए भारत को जिम्मेदार ठहराया था. पाकिस्तान ने दावा किया कि हमला करने वाला प्रतिबंधित संगठन जमात-उल-अहरार भारत का समर्थित संगठन है. इसके अलावा पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी भारत पर ऐसे गुटों को समर्थन देने का आरोप लगाया.

कराची हमले में कई लोगों की मौत

शनिवार देर रात कराची के गुलिस्तान-ए-जौहर इलाके में स्थित पाकिस्तान रेंजर्स (सिंध) के कैंप पर आतंकी हमला हुआ. इस हमले में चार सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई, जबकि छह हमलावर भी मारे गए. एक घायल हमलावर को सुरक्षा बलों ने गिरफ्तार कर लिया.

ISPR ने क्या कहा?

पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने बयान जारी कर कहा कि हमला जमात-उल-अहरार से जुड़े आतंकियों ने किया था. हालांकि भारत ने पाकिस्तान के सभी आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें पूरी तरह झूठा और बेबुनियाद बताया है.

ये भी पढ़ें- सेशेल्स ने PM मोदी को दिया सर्वोच्च सम्मान, मिला 'गार्जियन ऑफ द ब्लू हॉरिजन' अवॉर्ड