लिवर कैंसर होने पर शरीर में दिखते हैं ये 4 लक्षण; वक्त रहते करें पहचान, इग्नोर करना हो सकता है जानलेवा

आज के भागदौड़ और अनहेल्दी लाइफस्टाइल के दौर में बीमारियां चुपचाप शरीर में घर कर रही हैं और लिवर कैंसर उन्हीं में से एक है. तले-भुने खाने, प्रोसेस्ड फूड्स, शराब, और लंबे समय तक चलने वाले इन्फेक्शन जैसे हेपेटाइटिस से लिवर पर सीधा असर पड़ता है.

4 liver cancer warning signs you should never ignore check details here
Image Source: Freepik

नई दिल्ली: आज के भागदौड़ और अनहेल्दी लाइफस्टाइल के दौर में बीमारियां चुपचाप शरीर में घर कर रही हैं और लिवर कैंसर उन्हीं में से एक है. तले-भुने खाने, प्रोसेस्ड फूड्स, शराब, और लंबे समय तक चलने वाले इन्फेक्शन जैसे हेपेटाइटिस से लिवर पर सीधा असर पड़ता है. लेकिन असली खतरा तब होता है जब इसके लक्षणों को नजरअंदाज कर दिया जाता है. आइए जानते हैं वो संकेत जो आपके लिवर में कुछ गड़बड़ होने की ओर इशारा कर सकते हैं. समय रहते पहचान लेंगे, तो इलाज आसान हो सकता है.

1. पेट के दाईं ओर दर्द या सूजन

अगर आपको अक्सर दाईं तरफ पसलियों के नीचे हल्का दर्द या भारीपन महसूस होता है, तो यह सिर्फ गैस नहीं हो सकता. लिवर में ट्यूमर की वजह से उसका आकार बढ़ सकता है और आसपास के अंगों पर दबाव डालता है, जिससे यह दर्द या सूजन महसूस होती है. इसे हल्के में न लें.

2. वजन कम हो रहा है और भूख भी नहीं लग रही?

बिना किसी खास कोशिश के अगर वजन घट रहा है और खाना देखने का मन नहीं करता, तो यह संकेत हो सकता है कि लिवर कैंसर शरीर की मेटाबॉलिज्म प्रक्रिया को प्रभावित कर रहा है.
लिवर का मुख्य काम पाचन में मदद करना है, और जब यह ठीक से काम नहीं करता तो पोषक तत्वों का अवशोषण रुक जाता है, जिससे शरीर कमजोर होने लगता है.

3. पीलिया

त्वचा, आंखें या नाखून अगर पीले दिखने लगें, साथ ही गहरे रंग का यूरिन और हल्का मल होने लगे तो यह पीलिया का संकेत हो सकता है. पीलिया तब होता है जब लिवर ब्लड से बिलीरुबिन को सही तरीके से फिल्टर नहीं कर पाता. यह लक्षण दिखने पर देरी नहीं करनी चाहिए.

4. थकान और कमजोरी

लिवर कैंसर के मरीजों को अक्सर लगातार थकान और कमजोरी महसूस होती है, जो नींद लेने के बाद भी ठीक नहीं होती. इसका कारण है शरीर में एनर्जी प्रोडक्शन में गिरावट और कई बार एनीमिया (खून की कमी) भी हो सकता है. अगर यह लक्षण लंबे समय तक बने रहें तो डॉक्टर से परामर्श ज़रूरी है.

ये भी पढ़ें: आप भी टॉयलेट में यूज़ करते हैं स्मार्टफोन तो हो जाएं सावधान! हो सकते हैं इस दर्दनाक बीमारी के शिकार