भोपाल: ऑनलाइन गेम की लत में 14 साल के मासूम की मौत, 28 हजार रुपये हारने के बाद उठाया खौफनाक कदम

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से सामने आई एक घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है, जहां ऑनलाइन गेम की लत ने एक 14 साल के मासूम की जिंदगी छीन ली. यह सिर्फ एक बच्चे की मौत नहीं है, बल्कि उन अनदेखे खतरों की चेतावनी है, जो चुपचाप बच्चों के मन और भविष्य पर हमला कर रहे हैं.

14-year-old Bhopal student commits suicide due to online gaming addiction
Image Source: Freepik

Bhopal News: डिजिटल दौर में मोबाइल बच्चों के हाथ में खिलौना बन चुका है, लेकिन कई बार यही खिलौना उनकी पूरी दुनिया निगल जाता है. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से सामने आई एक घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है, जहां ऑनलाइन गेम की लत ने एक 14 साल के मासूम की जिंदगी छीन ली. यह सिर्फ एक बच्चे की मौत नहीं है, बल्कि उन अनदेखे खतरों की चेतावनी है, जो चुपचाप बच्चों के मन और भविष्य पर हमला कर रहे हैं.

गेम में हारे 28 हजार रूपये 

भोपाल के पिपलानी इलाके में रहने वाला अंश साहू आठवीं कक्षा का छात्र था और अपने माता-पिता की इकलौती संतान था. अंश को मोबाइल गेम फ्री फायर खेलने की लत लग गई थी. इसी गेम में वह करीब 28 हजार रुपये हार गया. बताया जा रहा है कि माता-पिता को इस नुकसान की जानकारी मिलने के डर और मानसिक दबाव ने उसे अंदर से तोड़ दिया. जब माता-पिता एक रिश्तेदार की तेरहवीं में शामिल होने गए थे, उसी दौरान अंश ने घर में यह खौफनाक कदम उठा लिया.

जब माता-पिता घर लौटे तो उन्हें ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसकी कल्पना भी किसी मां-बाप के लिए असहनीय होती है. अपने इकलौते बेटे को खोने का दर्द परिवार को पूरी तरह तोड़ चुका है. न कोई शिकायत, न कोई संकेत, बस एक मासूम जिंदगी अचानक खत्म हो गई. इस घटना ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या हम बच्चों की डिजिटल आदतों को लेकर पर्याप्त सतर्क हैं.

गेम के टास्क और मानसिक दबाव की आशंका

पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, लेकिन अंश का मोबाइल फोन कमरे से बरामद किया गया है. परिजनों के मुताबिक, वह फ्री फायर गेम का आदी था और गेम में मिलने वाले टास्क को लेकर काफी दबाव में रहता था. आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक तनाव में उसने यह कदम उठाया. फिलहाल पिपलानी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं.

गाजियाबाद की तीन बहनों ने किया सुसाइड

भोपाल की यह घटना अकेली नहीं है. उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से भी इसी तरह का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां भारत सिटी सोसाइटी के एक टावर से तीन नाबालिग सगी बहनों ने एक साथ छलांग लगा दी. 12, 14 और 16 साल की इन बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई. जांच में सामने आया कि तीनों मोबाइल गेम की लत में फंसी हुई थीं और उन्होंने सुसाइड नोट भी छोड़ा था. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और गम का माहौल है. 

ये भी पढ़ें: तीन बहनों ने 9वीं मंजिल से लगाई छलांग, ऑनलाइन गेम की लत का शक, गाजियाबाद में दिल दहलाने वाली घटना