तीन बहनों ने 9वीं मंजिल से लगाई छलांग, ऑनलाइन गेम की लत का शक, गाजियाबाद में दिल दहलाने वाली घटना

Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां देर रात एक ही परिवार की तीन नाबालिग बहनों ने 9वीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी.

Three sisters committed suicide by jumping from the 9th floor in Ghaziabad
Image Source: Freepik

Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां देर रात एक ही परिवार की तीन नाबालिग बहनों ने 9वीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी. इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. शुरुआती जानकारी में मोबाइल पर ऑनलाइन गेमिंग की लत का जिक्र सामने आया है, लेकिन इस सामूहिक आत्महत्या के पीछे की असली वजह अब भी एक रहस्य बनी हुई है.

टीला मोड़ इलाके में दिल दहला देने वाला हादसा

यह घटना टीला मोड़ थाना क्षेत्र की भारत सिटी सोसायटी की बताई जा रही है. रात करीब 2 बजे बी-1 टावर के फ्लैट नंबर 907 से तीनों बहनों ने यह खौफनाक कदम उठाया. अचानक आई तेज आवाज से आसपास के लोग बाहर निकले, तब जाकर इस भयावह घटना की जानकारी सामने आई. मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने जांच शुरू कर दी.

जानकारी के मुताबिक, जान गंवाने वाली बहनों के नाम निशिका (16 वर्ष), प्राची (14 वर्ष) और पाखी (12 वर्ष) हैं. तीनों सगी बहनें थीं और एक-दूसरे से बेहद जुड़ी हुई थीं. परिवार और पड़ोसियों का कहना है कि तीनों बहनें हर काम साथ-साथ करती थीं. नहाना हो, खाना हो, स्कूल जाना हो या सोना—उनकी दिनचर्या लगभग एक जैसी थी. शायद यही गहरा जुड़ाव इस घटना को और भी रहस्यमय बना देता है.

ऑनलाइन गेमिंग की लत पर उठे सवाल

परिवार की ओर से बताया गया है कि तीनों बहनों को मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेलने की आदत थी, जो कोरोना काल के दौरान लगी. बताया जा रहा है कि वे टास्क बेस्ड कोरियन लवर गेम खेला करती थीं. हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि इसी गेमिंग लत ने उन्हें इतना बड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर किया या इसके पीछे कोई और मानसिक दबाव था.

पिता का दर्द और अनसुलझे सवाल

तीनों बच्चियों के पिता चेतन कुमार का कहना है कि बेटियों को मोबाइल गेम्स की लत जरूर थी, लेकिन उन्होंने कभी यह नहीं सोचा था कि मामला इतना गंभीर हो सकता है. पिता के मुताबिक, तीनों बेटियां टारगेट बेस्ड गेम खेलती थीं, लेकिन आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया गया, इसका उन्हें कोई अंदाजा नहीं है. परिवार इस सदमे से पूरी तरह टूट चुका है और घर में मातम पसरा हुआ है.

पुलिस जांच में क्या सामने आ रहा है?

पुलिस ने बताया कि घटना की हर एंगल से जांच की जा रही है. बच्चियों के मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी, ताकि उनकी डिजिटल गतिविधियों की पूरी जानकारी मिल सके. इसके साथ ही सोसायटी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. पुलिस का यह भी कहना है कि बच्चियों का स्कूल नियमित नहीं था, जिससे मानसिक स्थिति को लेकर भी जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें: मुरादाबाद में खौफनाक वारदात; ननदोई के प्यार में चूर महिला ने अपने पति की करवाई हत्या, जानें कैसे खुली पोल