'NATO मेंबरशिप भूल जाओ जेलेंस्की', रूस पर भी आगबबूला हुए डोनाल्ड ट्रंप, कहा- मैं पुतिन से नाराज हूं

ट्रंप ने जेलेंस्की को फटकार लगाते हुए कहा कि वह दुर्लभ खनिज डील से पीछे हटने की कोशिश कर रहे हैं.

Forget NATO membership Zelensky Donald Trump on Russia Putin
ट्रंप-पुतिन-जेलेंस्की | Photo: ANI

वाशिंगटनः वैश्विक उथल-पुथल के बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की को कड़ी चेतावनी दी है. ट्रंप ने जेलेंस्की को फटकार लगाते हुए कहा कि वह दुर्लभ खनिज डील से पीछे हटने की कोशिश कर रहे हैं, और अगर ऐसा किया तो उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा.

ट्रंप ने कहा, "मुझे लगता है कि जेलेंस्की दुर्लभ खनिज डील से पीछे हटने की कोशिश कर रहे हैं. अगर उन्होंने ऐसा किया तो उनके लिए गंभीर समस्याएं खड़ी हो सकती हैं." उन्होंने यह भी कहा कि यूक्रेन कभी भी NATO का सदस्य नहीं बनेगा, और यदि जेलेंस्की को लगता है कि वह इस डील पर फिर बातचीत करके बच सकते हैं, तो ऐसा नहीं होगा.

पुतिन को भी चेतावनी

इसके अलावा, ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को भी चेतावनी दी थी. उन्होंने पुतिन पर आरोप लगाते हुए कहा था कि वह यूक्रेन के साथ युद्धविराम समझौते में बाधा डाल रहे हैं. ट्रंप ने कहा, "मैं पुतिन से बहुत नाराज हूं."

रूस के तेल पर टैरिफ लगाने की धमकी

डोनाल्ड ट्रंप ने पुतिन पर आरोप लगाते हुए कहा कि अगर रूस युद्धविराम प्रयासों में रुकावट डालता है, तो वह रूस के तेल पर 25 से 50 प्रतिशत तक सेकेंडरी टैरिफ लगा देंगे. उन्होंने कहा कि अगर रूस यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए कोई समझौता नहीं करता, तो यह रूस की गलती होगी, और अगर यह ऐसा हुआ, तो वह रूस से आने वाले सभी तेल पर टैरिफ लगा देंगे.

ट्रंप ने NBC न्यूज से फोन पर बातचीत के दौरान कहा, "अगर रूस से तेल आता है, तो आप अमेरिका में कारोबार नहीं कर सकते और सभी तेल पर 25 प्रतिशत से लेकर 50 प्रतिशत तक टैरिफ लगेगा." इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर युद्धविराम नहीं हुआ, तो वह यह कदम एक महीने के भीतर लागू कर देंगे और पुतिन से अगले हफ्ते बातचीत करने की योजना बना रहे हैं.

ट्रंप ने यह भी कहा कि पुतिन जानते हैं कि वह उनसे नाराज हैं, लेकिन उनके साथ उनके अच्छे संबंध हैं. अगर पुतिन सही काम करते हैं, तो उनका गुस्सा जल्दी शांत हो जाएगा.

ट्रंप की बार-बार भड़कने की वजह

डोनाल्ड ट्रंप ने सत्ता में आने से पहले पीसमेकर बनने का दावा किया था और कहा था कि वह राष्ट्रपति बनने पर रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को समाप्त करवा देंगे. हालांकि, राष्ट्रपति बनने के तीन महीने बाद भी इस युद्ध के खत्म होने की कोई उम्मीद नहीं दिख रही है.

दोनों देशों के बीच शांति स्थापित करने के लिए सऊदी अरब और व्हाइट हाउस में लगातार बातचीत हो रही है, लेकिन कभी रूस इसे रोकता है, तो कभी यूक्रेन की तरफ से शर्तें अड़चन बनती हैं. ऐसे में ट्रंप, जो खुद को पीसमेकर साबित करने की जल्दी में हैं, कभी पुतिन को तो कभी जेलेंस्की को धमकियां देते नजर आ रहे हैं.

ये भी पढ़ेंः Chaitra Navratri 2025 Day 2: चैत्र नवरात्रि के दूसरे दिन कैसे करें मां ब्रह्मचारिणी की पूजा? जानिए पूजा विधि