हैदराबाद (तेलंगाना) : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस ने तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति के कारण हमेशा नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) का विरोध किया, उन्होंने कहा कि देश के देश जब आजाद हुआ तब संविधान निर्माता ने वादा किया था कि उत्पीड़न के कारण बांग्लादेश, अफ़ग़ानिस्तान और पाकिस्तान छोड़ने वाले शरणार्थियों को भारत की नागरिकता दी जाएगी.
सिकंदराबाद में सोशल मीडिया वॉरियर्स की बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, "हमने कहा था कि हम सीएए लाएंगे. कांग्रेस पार्टी इसका विरोध करती रही है. आजादी के समय हमारे संविधान निर्माताओं ने वादा किया था कि बांग्लादेश, अफगानिस्तान से आने वाले शरणार्थियों और पाकिस्तान से जो लोग वहां जुल्म सहकर यहां आ रहे हैं, उन्हें हम नागरिकता देंगे.''
लोकसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा से कुछ दिन पहले सोमवार शाम को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के कार्यान्वयन के लिए नियमों को अधिसूचित किया.
इस अधिनियम का उद्देश्य सताए गए गैर-मुस्लिम प्रवासियों - जिनमें हिंदू, सिख, जैन, बौद्ध, पारसी और ईसाई शामिल हैं - को भारतीय नागरिकता प्रदान करना है, जो बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान से 31 दिसंबर 2014 से पहले भारत आए हैं.
यह भी पढे़ं : सुप्रीम कोर्ट ने कहा- केंद्र सरकार केरल को लेकर उदार बने, 31 मार्च तक राज्य को दे एकमुश्त पैकेज
तुष्टीकरण और वोट बैंक राजनीति के कारण कांग्रेस करती रही है विरोध
उन्होंने कहा, "हालांकि, तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति के कारण कांग्रेस इसका विरोध करती थी. हिंदुओं, बौद्धों, जैनियों, सिखों और अन्य लोगों को नागरिकता देकर नरेंद्र मोदी जी ने उन्हें सम्मानित किया है."
अमित शाह ने आगे कहा कि कुछ वर्गों के वोट बैंक के लालच में कांग्रेस ने राम मंदिर उद्घाटन समारोह का भी बहिष्कार किया.
"हमारे घोषणापत्र के पहले पन्ने पर क्या था? हम अयोध्या में एक भव्य राम मंदिर का निर्माण करेंगे. 500 वर्षों से, देशभर के भक्त चाहते थे कि अयोध्या में एक भव्य राम मंदिर हो और रामलला को उचित सम्मान के साथ 'विराजमान' हों. कांग्रेस पार्टी ने कहा जहां तक राम मंदिर का सवाल है तो 70 साल तक 'अटकाना, भटकाना, लटकना' में लगे रहे. 'वोट बैंक' के लालच में कांग्रेस ने प्राण प्रतिष्ठा समारोह का भी बहिष्कार किया.'
शाह बोले- पीएम मोदी ने भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया
यह कहते हुए कि विपक्ष आज भाजपा पर किसी भी घोटाले का आरोप नहीं लगा सकता, अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया है.
उन्होंने कहा ''इन 10 सालों में पीएम नरेंद्र मोदी ने देश को राजनीतिक स्थिरता दी है. 'आया राम, गया राम' की राजनीति को खत्म कर पीएम नरेंद्र मोदी ने 10 साल की पूर्ण बहुमत की सरकार दी. इन 10 सालों में पीएम नरेंद्र मोदी ने देश को राजनीतिक स्थिरता दी है."
शाह ने कहा, "पीएम मोदी ने भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया है. बीआरएस और कांग्रेस पर लाखों-करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं लेकिन पीएम के खिलाफ 25 पैसे के भी भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है."
यह भी पढे़ं : कौन हैं हरियाणा के नये मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, जानें ऐसे शुरू हुआ उनका सियासी सफर