Holi Special Trains: होली के त्योहार पर हर साल ट्रेनों में भारी भीड़ उमड़ पड़ती है और कन्फर्म टिकट मिलना यात्रियों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है. इसे देखते हुए भारतीय रेलवे ने 2026 की होली के मौके पर यात्रियों को बड़ी राहत देने का फैसला किया है. रेलवे ने देशभर में कुल 1410 होली स्पेशल ट्रेनें (ट्रिप) चलाने की योजना बनाई है, ताकि घर जाने वाले यात्रियों को समय पर और सुविधाजनक सफर मिल सके.
इस विशेष अभियान में पूर्व मध्य रेलवे (ECR) की भूमिका बेहद अहम रहने वाली है. अकेले पूर्व मध्य रेलवे द्वारा 285 होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा. इन ट्रेनों का लाभ खासतौर पर बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों को मिलेगा, जहां त्योहारों पर सबसे ज्यादा यात्री दबाव देखने को मिलता है.
रेलवे के अनुसार, ये विशेष ट्रेनें 1 मार्च से 22 मार्च 2026 के बीच अलग-अलग रूटों पर चलाई जाएंगी. पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, कई प्रमुख शहरों को बिहार और उत्तर प्रदेश से जोड़ने के लिए अतिरिक्त ट्रेनें लगाई जा रही हैं, ताकि यात्रियों को लंबी वेटिंग लिस्ट और भीड़ से राहत मिल सके.
कोटा (सोगरिया)–दानापुर के बीच चलेगी विशेष ट्रेन
होली पर राजस्थान और बिहार के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए कोटा (सोगरिया) से दानापुर के बीच स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी.
ट्रेन नंबर 09821 (सोगरिया–दानापुर स्पेशल)
यह ट्रेन 28 फरवरी और 7 मार्च 2026 को रात 11:10 बजे सोगरिया से रवाना होगी. ट्रेन कटनी, प्रयागराज छिवकी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) होते हुए अगले दिन रात 11:45 बजे दानापुर पहुंचेगी.
ट्रेन नंबर 09822 (दानापुर–सोगरिया वापसी स्पेशल)
वापसी में यह ट्रेन 2 मार्च और 9 मार्च 2026 को दानापुर से रात 1:15 बजे रवाना होकर अगले दिन तड़के 1:10 बजे सोगरिया पहुंचेगी.
भोपाल से दानापुर के लिए विशेष ट्रेन सेवा
मध्य प्रदेश और बिहार के बीच यात्रा करने वालों के लिए रानी कमलापति (भोपाल) से दानापुर के बीच भी होली स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है.
ट्रेन नंबर 01667 (रानी कमलापति–दानापुर स्पेशल)
यह ट्रेन 27 फरवरी और 2 मार्च 2026 को दोपहर 2:25 बजे रानी कमलापति स्टेशन से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 8:45 बजे दानापुर पहुंचेगी.
ट्रेन नंबर 01668 (दानापुर–रानी कमलापति वापसी स्पेशल)
यह ट्रेन 28 फरवरी और 3 मार्च 2026 को सुबह 11:15 बजे दानापुर से खुलकर अगले दिन सुबह 8:55 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी.
एमपी से नॉर्थ-ईस्ट (अगरतला) के लिए सीधी कनेक्टिविटी
पूर्वोत्तर भारत जाने वाले यात्रियों के लिए भी रेलवे ने खास व्यवस्था की है. रानी कमलापति (भोपाल) से अगरतला के लिए सीधी स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी.
ट्रेन नंबर 01665 (रानी कमलापति–अगरतला स्पेशल)
यह ट्रेन 5 मार्च 2026 से प्रत्येक गुरुवार को दोपहर 3:20 बजे रवाना होगी. ट्रेन डीडीयू, पाटलिपुत्र और हाजीपुर होते हुए तीसरे दिन शाम 6:55 बजे अगरतला पहुंचेगी.
ट्रेन नंबर 01666 (अगरतला–रानी कमलापति वापसी स्पेशल)
वापसी में यह ट्रेन 8 मार्च 2026 से हर रविवार को शाम 5:20 बजे अगरतला से खुलकर तीसरे दिन शाम 4:35 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी.
गुजरात से अरुणाचल प्रदेश तक सीधी स्पेशल ट्रेन
गुजरात और नॉर्थ-ईस्ट के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए हापा से नाहरलगुन (अरुणाचल प्रदेश) के बीच भी विशेष ट्रेन चलाई जा रही है.
ट्रेन नंबर 09525 (हापा–नाहरलगुन स्पेशल)
यह ट्रेन 4 मार्च 2026 से प्रत्येक बुधवार को रात 12:40 बजे हापा से रवाना होगी. ट्रेन वाराणसी, छपरा और हाजीपुर होते हुए तीसरे दिन शाम 4:00 बजे नाहरलगुन पहुंचेगी.
ट्रेन नंबर 09526 (नाहरलगुन–हापा वापसी स्पेशल)
वापसी में यह ट्रेन 7 मार्च 2026 से प्रत्येक शनिवार को सुबह 9:40 बजे नाहरलगुन से रवाना होकर चौथे दिन रात 12:30 बजे हापा पहुंचेगी.
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और समय रहते टिकट बुक कर लें. ट्रेन की लाइव स्थिति और टाइमिंग से जुड़ी जानकारी के लिए यात्री रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल कर सकते हैं. इसके अलावा NTES (नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम) के वेब पोर्टल और मोबाइल ऐप के जरिए भी ट्रेनों की स्थिति चेक की जा सकती है.
ये भी पढ़ें- शादीशुदा महिला दूसरे मर्द के साथ हुई फिजिकल, तो नहीं लगा सकती रेप का आरोप...सुप्रीम कोर्ट का फैसला