दवाएं, ज्वेलरी, मसाले, चाय... टैरिफ फ्री हुए कई प्रोडक्ट्स, भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर पीयूष गोयल का जवाब

भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से चल रही ट्रेड बातचीत अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है.

Piyush Goyal on India-US trade deal Many products became tariff free
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

India-US Trade: भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से चल रही ट्रेड बातचीत अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है. दोनों देशों के बीच हुए व्यापार समझौते पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साइन कर दिए हैं. इसके बाद केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस समझौते की अहम जानकारियां साझा कीं. उन्होंने बताया कि इस डील के बाद भारत से अमेरिका भेजे जाने वाले कई सामानों पर टैक्स खत्म कर दिया गया है, जबकि कुछ पर अधिकतम 18 फीसदी तक ही शुल्क लगेगा.

पीयूष गोयल ने कहा कि इस समझौते से भारत के कृषि उत्पादों को अमेरिकी बाजार में बिना किसी अतिरिक्त टैक्स के पहुंचने का रास्ता साफ हो गया है. सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया है कि इस फैसले से देश के किसानों को किसी तरह का नुकसान न हो. उन्होंने बताया कि चाय, मसाले, कॉफी, नारियल तेल, कोपरा और वनस्पति मोम जैसे कई उत्पाद अब अमेरिका में टैक्स-फ्री जाएंगे. इसके साथ ही आम, केला, अमरूद, एवोकाडो, कीवी, पपीता, अनानास जैसे फल और कई तरह की सब्जियां व अनाज भी बिना शुल्क के एक्सपोर्ट किए जा सकेंगे.

किसानों और छोटे कारोबारियों के हित सुरक्षित

केंद्रीय मंत्री ने दोहराया कि सरकार ने यह समझौता करते समय किसानों के हितों को सबसे ऊपर रखा है. उनका कहना था कि यह डील न तो किसानों को नुकसान पहुंचाएगी और न ही छोटे उद्योगों या हस्तशिल्प से जुड़े लोगों को. गोयल के मुताबिक, इस समझौते से भारतीय MSME सेक्टर को भी नए मौके मिलेंगे और विदेशों में भारतीय उत्पादों की मांग बढ़ेगी.

दवाओं और ज्वेलरी को मिलेगा बड़ा फायदा

पीयूष गोयल ने बताया कि भारत से अमेरिका जाने वाली दवाओं पर भी अब कोई टैक्स नहीं लगेगा. भारत हर साल अरबों डॉलर की दवाएं अमेरिका भेजता है और अब इस फैसले से दवा उद्योग को बड़ा फायदा होने की उम्मीद है. इसके अलावा रत्न और आभूषण यानी ज्वेलरी के निर्यात पर भी टैक्स खत्म कर दिया गया है. इससे जेम्स और ज्वेलरी सेक्टर को अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूती मिलेगी.

स्मार्टफोन और मशीनरी पार्ट्स पर भी टैक्स खत्म

भविष्य को देखते हुए सरकार ने यह संकेत दिया है कि भारत से अमेरिका भेजे जाने वाले स्मार्टफोन पर भी आगे चलकर जीरो टैरिफ लागू होगा. इसके अलावा विमान और मशीनों के पुर्जे, जेनेरिक दवाएं, फार्मा प्रोडक्ट, आवश्यक तेल, घरेलू सजावट का सामान और कुछ केमिकल उत्पादों पर भी टैक्स नहीं लगेगा. इससे मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपोर्ट सेक्टर को बढ़ावा मिलेगा.

भारत ने किन क्षेत्रों को सुरक्षा दी

सरकार ने यह भी साफ किया है कि कुछ संवेदनशील क्षेत्रों को पूरी तरह सुरक्षित रखा गया है ताकि घरेलू उत्पादकों को नुकसान न हो. फ्रोजन सब्जियां, डेयरी प्रोडक्ट जैसे दूध, पनीर, मक्खन और घी, अनाज और कई मसालों के आयात पर भारत ने अपनी सुरक्षा नीति बनाए रखी है. सरकार का कहना है कि इन क्षेत्रों में घरेलू उत्पादन को मजबूत करना प्राथमिकता है.

अमेरिका को भी मिलेगा व्यापारिक फायदा

व्हाइट हाउस की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार भारत अमेरिका से आने वाली कई औद्योगिक और कृषि वस्तुओं पर टैक्स कम करेगा. इससे अमेरिका के कुछ खाद्य और प्रोसेस्ड उत्पादों को भारतीय बाजार में आसानी से जगह मिल सकेगी. माना जा रहा है कि इस कदम से दोनों देशों के बीच व्यापार संतुलन बेहतर होगा.

ये भी पढ़ें- अमेरिका ने PoK और अक्साई चिन को माना भारत का हिस्सा, ट्रेड डील के बाद शेयर किया मैप, क्या होगा असर?