यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा ने पाकिस्तान के लिए की थी जासूसी, हरियाणा पुलिस के हाथ लगे पुख्ता सबूत

यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा, जो सोशल मीडिया पर अपनी अलग पहचान बना चुकी थीं, अब गंभीर आरोपों से घिरी हुई हैं. हरियाणा पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने हिसार की अदालत में 2,500 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट दाखिल कर दी है, जिसमें ज्योति पर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के ठोस सबूत होने का दावा किया गया है.

YouTuber Jyoti Malhotra spying for Pakistan 2500-page chargesheet filed
Image Source: Social Media

Jyoti Malhotra: देश की सुरक्षा से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला हरियाणा से सामने आया है. यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा, जो सोशल मीडिया पर अपनी अलग पहचान बना चुकी थीं, अब गंभीर आरोपों से घिरी हुई हैं. हरियाणा पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने हिसार की अदालत में 2,500 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट दाखिल कर दी है, जिसमें ज्योति पर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के ठोस सबूत होने का दावा किया गया है. इस खुलासे ने न केवल हरियाणा, बल्कि पूरे देश को चौंका दिया है.

कैसे शुरू हुआ शक?

पुलिस के मुताबिक, ज्योति शुरू में एक सामान्य यूट्यूबर थीं और अपने ब्लॉग व वीडियो के जरिए दर्शकों से जुड़ी रहती थीं. लेकिन समय के साथ उनकी गतिविधियां संदिग्ध होती चली गईं. पुलिस ने बताया कि पाकिस्तान यात्रा के दौरान उनकी मुलाकात पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों से हुई. ज्योति के मोबाइल फोन की जांच में पाकिस्तान उच्चायोग के अधिकारी एहसान-उर-रहीम दानिश अली के साथ लगातार बातचीत के सबूत मिले हैं. यही नहीं, चार्जशीट में उनके आईएसआई एजेंटों शाकिर, हसन अली और नासिर ढिल्लन से संपर्क का भी उल्लेख है.

चार्जशीट में चौंकाने वाले तथ्य

जांच में सामने आया कि 2023 में ज्योति ने दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग का दौरा भी किया था, जहां उनकी मुलाकात दानिश अली से हुई. उन पर भारत की संवेदनशील जानकारी साझा करने और पाकिस्तान की छवि को सोशल मीडिया पर सकारात्मक रूप से दिखाने का आरोप है. इतना ही नहीं, ज्योति एक पाकिस्तानी एजेंट के साथ इंडोनेशिया के बाली भी गई थीं.

कानूनी लड़ाई और अगली सुनवाई

ज्योति पर आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम (Official Secrets Act) की धारा 3 और 5, और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152 के तहत केस दर्ज है. यह मामला हिसार के सिविल लाइंस थाने में दर्ज हुआ था. फिलहाल ज्योति न्यायिक हिरासत में हैं और उनके वकील कुमार मुकेश का कहना है कि वे चार्जशीट की समीक्षा के बाद अपना कानूनी पक्ष पेश करेंगे. इस मामले की अगली सुनवाई 18 अगस्त को निर्धारित की गई है.

ये भी पढ़ें: Haryana: लॉरेंस बिश्नोई का फैन, फिल्मी स्टाइल में रंगदारी... जिंद पुलिस ने दो आरोपियों को धर दबोचा