इस शहर की सड़कों पर उतरेंगे विश्व विजेता धुरंधर, टीम इंडिया की विक्ट्री परेड को लेकर आया बड़ा अपडेट

Team India Victory Parade: टी20 वर्ल्डकप 2026 जीतने के बाद देशभर में खुशी का माहौल है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मैच में न्यूजीलैंड को हराकर भारतीय टीम ने इतिहास रच दिया.

World champions will take to the streets of Mumbai a major update on Team India's victory parade
Image Source: ANI

Team India Victory Parade: टी20 वर्ल्डकप 2026 जीतने के बाद देशभर में खुशी का माहौल है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मैच में न्यूजीलैंड को हराकर भारतीय टीम ने इतिहास रच दिया. अब सभी क्रिकेट फैंस की नजर उस पल पर है जब टीम इंडिया मुंबई की सड़कों पर विक्ट्री परेड निकालेगी. हालांकि बीसीसीआई ने अभी तारीख का ऐलान नहीं किया है, लेकिन चर्चा हो रही है कि यह परेड 11 या 12 मार्च को हो सकती है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय खिलाड़ी पहले दिल्ली जाएंगे. वहां वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर सकते हैं, और यह मुलाकात पीएम के आवास पर हो सकती है. फाइनल जीतने के बाद पीएम मोदी ने टीम को बधाई दी थी और इसे देश के लिए गर्व का पल बताया था.

मुंबई में होगा भव्य रोड शो

दिल्ली से लौटने के बाद टीम इंडिया मुंबई आएगी, जहां एक भव्य ओपन-बस रोड शो आयोजित किया जाएगा. इस परेड का आयोजन आमतौर पर मरीन ड्राइव पर होता है. इसे नरीमन पॉइंट के पास स्थित एनसीपीए से शुरू किया जा सकता है, और इसका समापन वानखेड़े स्टेडियम में होगा. यह परेड आमतौर पर शाम 5 बजे के आसपास शुरू होती है, ताकि ज्यादा से ज्यादा फैंस इसमें शामिल हो सकें.

वानखेड़े स्टेडियम में सम्मान समारोह

विक्ट्री परेड के बाद वानखेड़े स्टेडियम में एक खास सम्मान समारोह हो सकता है, जहां बीसीसीआई टीम इंडिया को सम्मानित कर सकती है और खिलाड़ियों को इनामी राशि भी दी जा सकती है. इस समारोह में फैंस को अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को करीब से देखने का मौका मिलेगा. ऐसे आयोजनों के दौरान मुंबई की सड़कों पर लाखों फैंस जुटते हैं और पूरा माहौल ‘नीले समंदर’ जैसा हो जाता है.

फैंस का इंतजार

अब क्रिकेट प्रेमी इस ऐतिहासिक पल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. अगर परेड होती है, तो मुंबई की सड़कों पर फिर से वही नजारा देखने को मिलेगा, जब लाखों फैंस अपने चैंपियन खिलाड़ियों का स्वागत करेंगे.

 ये भी पढ़ें- टीम इंडिया पर BCCI ने की पैसों की बारिश! T20 वर्ल्ड चैंपियन को मिलेगा अब तक का सबसे बड़ा इनाम