एडिलेड में 17 साल से ODI नहीं हारा भारत, कोहली के सबसे ज्यादा रन, क्या बरकरार रहेगा जीत का सिलसिला?

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रही तीन मैचों की वनडे श्रृंखला अब एक निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है.

Will India be able to maintain the winning streak in Adelaide
Image Source: ANI

एडिलेड: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रही तीन मैचों की वनडे श्रृंखला अब एक निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है. भारतीय टीम पहला मुकाबला हार चुकी है और अब सीरीज में बने रहने के लिए गुरुवार को एडिलेड ओवल में होने वाला दूसरा वनडे जीतना बेहद जरूरी है. मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 9 बजे से शुरू होगा.

एडिलेड ओवल का मैदान भारतीय क्रिकेट टीम के लिए पिछले करीब दो दशकों से बेहद भाग्यशाली साबित हुआ है. भारत ने यहां 2008 के बाद से एक भी वनडे नहीं गंवाया है. आखिरी बार भारत को इस मैदान पर 19 फरवरी 2008 को श्रीलंका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था. इसके बाद से टीम ने इस मैदान पर खेले गए वनडे मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया है.

  • कुल वनडे (भारत): 15
  • जीते: 9
  • हारे: 5
  • कोई परिणाम नहीं: 1
  • जीत-हार अनुपात: 1.80

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में भारत का रिकॉर्ड

विशेष रूप से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बात करें, तो भारत ने एडिलेड ओवल में लगातार पिछले दो वनडे मुकाबले जीते हैं. इससे पहले के चार मुकाबलों में हालांकि मेज़बान टीम विजयी रही थी. दोनों टीमों के बीच इस मैदान पर कुल छह वनडे मुकाबले हुए हैं, जिनमें से भारत ने दो और ऑस्ट्रेलिया ने चार मुकाबले जीते हैं.

यह मुकाबला इसलिए भी महत्वपूर्ण हो जाता है क्योंकि भारत यदि यह मैच हारता है, तो वह सीरीज भी गंवा देगा. इसके उलट, एक जीत भारतीय टीम को 1-1 की बराबरी पर पहुंचा देगी और निर्णायक मुकाबले का रास्ता खोलेगी.

कोहली और एडिलेड: एक खास रिश्ता

एडिलेड ओवल की बात हो और विराट कोहली का नाम न आए, ऐसा हो नहीं सकता. कोहली का इस मैदान पर शानदार प्रदर्शन रहा है और यह मैदान उनके पसंदीदा मैदानों में शुमार किया जाता है.

  • एडिलेड में वनडे मैच: 4
  • रन: 244
  • औसत: 61.00
  • शतक: 2

इस आंकड़े से साफ है कि कोहली यहां हर दो मैच में एक शतक लगाते हैं. अगर वह इस बार भी फॉर्म में आते हैं, तो भारत को जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं. कोहली ने अब तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 51 वनडे खेलते हुए 2451 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 53.28 का है.

गेंदबाजी में जडेजा का दबदबा

गेंदबाजी की बात करें तो रवींद्र जडेजा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत के सबसे सफल गेंदबाजों में से हैं. उन्होंने अब तक 45 वनडे मैचों में 39 विकेट चटकाए हैं. जडेजा की भूमिका इस मैच में अहम रहने वाली है, खासकर एडिलेड की पिच की प्रकृति को देखते हुए, जो धीरे-धीरे स्पिनर्स को भी मदद करती है.

ऑस्ट्रेलियाई टीम की ताकत: मार्श और स्टार्क

ऑस्ट्रेलिया की मौजूदा टीम में भारत के खिलाफ सबसे सफल बल्लेबाज कप्तान मिचेल मार्श हैं. उन्होंने 24 मैचों में 943 रन बनाए हैं, जिसमें 3 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं. उनका औसत भी लगभग 39.29 है.

गेंदबाजी में मिचेल स्टार्क भारत के खिलाफ सबसे खतरनाक गेंदबाज रहे हैं. उन्होंने अब तक 20 वनडे मुकाबलों में 31 विकेट लिए हैं, और उनकी पेस और स्विंग भारत के बल्लेबाजों के लिए परेशानी का सबब बन सकती है.

एडिलेड की पिच और मौसम का हाल

एडिलेड ओवल की पिच आमतौर पर संतुलित मानी जाती है. शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को हल्की मदद मिलती है, लेकिन जैसे-जैसे पिच पुरानी होती है, स्पिनरों को भी अवसर मिलता है.

  • अब तक खेले गए वनडे: 94
  • पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम की जीत: 49
  • पहले गेंदबाजी करने वाली टीम की जीत: 43
  • कोई नतीजा नहीं: 2

इससे स्पष्ट है कि टॉस जीतने वाली टीम अक्सर पहले बल्लेबाजी करना पसंद करती है, खासकर तब जब लक्ष्य का पीछा करना मुश्किल हो सकता है.

ये भी पढ़ें- क्या दूसरे मैच में भी खराब रहेगी RO-KO की परफॉमेंस? मैच से पहले बैटिंग कोच ने दिया बयान