भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा वनडे मैच 23 अक्टूबर को एडिलेड ओवल में खेला जाएगा. टीम इंडिया पहले वनडे में 0-1 से पिछड़ गई है और अब दूसरे मुकाबले में सभी की निगाहें खासतौर पर विराट कोहली और रोहित शर्मा पर टिकी हैं. पहले मैच में दोनों ही बल्लेबाज फ्लॉप रहे थे; रोहित 8 रन बनाकर आउट हुए जबकि कोहली खाता तक नहीं खोल पाए.
टीम इंडिया के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने मैच से एक दिन पहले प्रेस कांफ्रेंस में रोहित और कोहली की फॉर्म को लेकर सवालों का जवाब दिया. उन्होंने कहा, मुझे नहीं लगता कि उनकी फॉर्म खराब है. उन्होंने आईपीएल खेला है और तैयारी अच्छी रही है. पहले वनडे में फ्लॉप होना मौसम की वजह से हुआ. जब मैच 4-5 बार रुकता है, बाहर-भीतर जाना आसान नहीं होता.
अनुभवी बल्लेबाजों के साथ हस्तक्षेप की जरूरत नहीं होती
अगर ऑस्ट्रेलिया पहले बल्लेबाजी करती तो उनके साथ भी ऐसा ही होता.कोच ने यह भी कहा कि अनुभवी बल्लेबाजों के साथ अत्यधिक हस्तक्षेप की जरूरत नहीं होती. उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलिया आने से पहले दोनों ने पूरी तैयारी की थी और उनके फिटनेस स्तर और तकनीक का एनसीए में अच्छे से विश्लेषण किया गया था. इन दोनों खिलाड़ियों के साथ अगर आपको लगता है कि वह अच्छा कर रहे हैं तो तुरंत दखल देना जरूरी नहीं है. बहुत ज्यादा दखल देना सही तरीका नहीं होगा.
नेट्स में दिखी अच्छी लय
कोटक ने आगे कहा कि दोनों खिलाड़ी नेट्स में अच्छी लय में दिख रहे हैं और अभ्यास के दौरान सकारात्मक संकेत दिए हैं. उन्होंने कहा, कि "सच कहूं तो मेरा मानना है कि रोहित और विराट अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और उनका आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है."
मैच का समय और जानकारी
दूसरा वनडे मैच 23 अक्टूबर, एडिलेड ओवल में खेला जाएगा. ऑस्ट्रेलियाई समयानुसार मुकाबला दोपहर 2 बजे से शुरू होगा, जबकि भारतीय समयानुसार मैच सुबह 9 बजे से होगा. टॉस सुबह 8:30 बजे होगा. भारत के लिए यह मैच फॉर्म सुधारने और सीरीज में बराबरी करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा, खासकर रोहित और कोहली के लिए जिन्होंने पहले मैच में अपनी बल्लेबाजी से उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सके.
यह भी पढ़ें: एडिलेड में विराट कोहली के पास इतिहास रचने का मौका, ऐसा करते ही इंटरनेशनल क्रिकेट में बना देंगे वर्ल्ड रिकॉर्ड